
हरिद्वार, 13 जनवरी। विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर दो युवक शेख के लिबास में घूमते हुए नजर आए. धार्मिक स्थल पर अजीब वेशभूषा में युवकों के दिखने पर तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें रोक लिया और उनसे सवाल किया. पहले तो उन्होंने खुद को दुबई का निवासी बताते हुए मुस्लिम नामों का उल्लेख किया. जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने यूट्यूब के लिए वीडियो बनाने की बात कही. जिस पर तीर्थ पुरोहितों की संस्था गंगा सभा ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. वहीं, पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया है.
दरअसल, धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे पवित्र स्थल ‘हरकी पैड़ी’ पर शेख बनकर घूम रहे दो युवकों का एक वीडियो सामने आया था. जिसे देख तीर्थ पुरोहित और स्थानीय निवासी आक्रोशित हो गए. वीडियो में अरबी पहनावे (कंदूरा) में दो युवक घूमते नजर आए. जो खुद को दुबई का निवासी बताते दिखे. इस दौरान उनसे कई लोग सेल्फी खिंचवाते दिखे. हालांकि, कुछ देर बाद वो हरकी पैड़ी से निकल गए. उधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है.
गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की हो रही मांग
यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तराखंड सरकार और गंगा सभा की ओर से हरिद्वार के घाटों व धार्मिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित करने एवं केवल ‘सनातनियों’ को अनुमति देने पर चर्चा चल रही है. हाल ही में तीर्थ पुरोहितों की ओर से हरकी पैड़ी समेत कुंभ मेला क्षेत्र के सभी गंगा घाटों को गैर हिंदू प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने की मांग की गई थी.
तीर्थ पुरोहित और स्थानीय लोगों में आक्रोश
वहीं, स्थानीय निवासियों और तीर्थ पुरोहितों का आरोप है कि यह वीडियो जानबूझकर क्षेत्र की मर्यादा को भंग करने एवं सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से बनाया गया है. लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की शुचिता बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है. इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
युवकों की असली पहचान का हुआ खुलासा
उधर, वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से शेख बनकर घूम रहे दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें खोज निकाला. जिनके खिलाफ पुलिस अधिनियम में कार्रवाई की गई. साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की हिदायत दी गई.
आरोपियों के नाम-
नवीन कुमार पुत्र मुन्ना, निवासी- रावली महदूद महदूद, हरिद्वार
प्रिंस पुत्र सोमपाल, निवासी- बिजनौर वर्तमान पता रावली महदूद, हरिद्वार
कुछ यूट्यूबर्स सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास करना चाहते हैं, जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है, ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.
– उज्जवल पंडित, तीर्थ पुरोहित
आधी-अधूरी वीडियो वायरल करने वालों को चेतावनी
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है. आमजन से भी अपील है कि किसी भी घटना की सत्यता के जाने बिना किसी प्रकार सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार ना किया जाए. आधी-अधूरी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने वालों को पुलिस चिन्हित कर रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.



