
देहरादून, 31 जनवरी। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने गौ रक्षा पर बनी फिल्म गोदान का टीजर लॉन्च किया. विनोद चौधरी के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म गोदान 6 फरवरी 2026 से पूरे देश के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी. पर्यटन मंत्री ने कहा कि ‘गोदान’ फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ एक गंभीर सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश भी लेकर आ रही है.
गोदान फिल्म के गाने और टीजर लॉन्च
गुरुवार को पर्यटन धर्मस्व और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने अपने कैंप कार्यालय में कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन के बैनर तले गो माता के महत्व पर बनी फिल्म गोदान का टीजर, गाने और पोस्टर लॉन्च किए. फिल्म के मुख्य कलाकार मनोज जोशी, उपासना सिंह, साहिल आनंद आदि हैं। फिल्म की शूटिंग ऋषिकेश, हरिद्वार आदि कई जगहों पर की गयी है। फिल्म का मुहूर्त शाट देहरादून के पास स्थित धारकोट गांव से लिया गया था, जिसमें सीएम धामी मौजूद थे।
इस मौके पर उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि- बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री इन दिनों बदलाव के एक बड़े दौर से गुजर रही है. अब बॉलीवुड की फिल्में केवल पारंपरिक, पारिवारिक कहानियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फिल्म निर्माता और निर्देशक सामाजिक मुद्दों से लेकर सस्पेंस-थ्रिलर जैसे अलग-अलग और लीग से हटकर विषयों पर फिल्में बना रहे हैं. सनातन की आत्मा गोमाता में बसती है. आज के समय में जब हम अपनी जड़ों से दूर हो रहे हैं, यह फिल्म गुम हो रही गोमाता को बचाने और उनकी अहमियत को समझाने की एक बड़ी कोशिश है.
-सतपाल महाराज, पर्यटन मंत्री, उत्तराखंड
संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का एक मजबूत जरिया है गोदान
सतपाल महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में गो माता की अहमियत को समझाने के लिए विनोद चौधरी के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी 2026 से पूरे देश के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है. गोदान फिल्म को वैज्ञानिक नजरिए के साथ प्रस्तुत कर फिल्म के निर्माता निर्देशक, कलाकारों और गेस्ट ने समाज को एक बड़ा मैसेज देने का काम किया है. यह फिल्म केवल किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं को अपनी संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का एक मजबूत जरिया है.
गो हत्या करने वालों का हृदय परिवर्तन करेगी गोदान
महाराज ने कहा कि उनका विश्वास है कि अगर गो हत्या जैसे अपराधों में शामिल लोग एक बार इस फिल्म को देख लें, तो उनका हृदय परिवर्तन अवश्य होगा. उन्होंने बताया कि 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ‘गोदान’ की भव्यता को दर्शाने के लिए इसकी शूटिंग उत्तराखंड की वादियों, नोएडा, मथुरा और मुंबई के विभिन्न स्थानों पर की गई है. फिल्म की कहानी को जीवंत बनाने के लिए इसमें कई सच्ची घटनाओं को भी शामिल किया गया है. ‘गोदान’ फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ एक गंभीर सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश भी लेकर आ रही है.
इस मौके पर जब कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से पूछा गया कि देश भर में गो हत्या के तमाम मामले सामने आ रहे हैं. देश गो मांस एक्सपोर्ट करने में अव्वल है. उत्तराखंड में भी गोवंश की दुर्दशा के समाचार आते रहते हैं, इस पर सरकार क्या कर रही है. इस सवाल पर सतपाल महाराज ने ज्यादा कुछ नहीं कहा और बोला कि इस पर अध्ययन करवाया जा रहा है.



