‘गोदान’ फिल्म उत्तराखंड में भी टैक्स फ्री, 6 फरवरी को हो चुकी है देशभर में रिलीज

देहरादून, 8 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और समाज को भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। इस तरह की फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता विकसित होती है, इसलिए ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। इस फिल्म को उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और ओडीसा में भी टैक्स फ्री किया गया है। उत्तराखंड के अलावा इस फिल्म की शूटिंग नोएडा, मथुरा और मुंबई में भी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में गोसदनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहन देती रहेगी।
फिल्म में मुख्य कलाकारों में मनोज जोशी, उपासना सिंह, राजेस जैस और साहिल अहमद जैसे मंझे हुए कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन विवेक कुमार चौधरी और अमित प्रजापति ने किया है। फिल्म देहरादून के पैसिफिक माल-राजपुर रोड, माल आफ देहरादून, सेंट्रियो माल, सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स, फन सिनेमाज, मूवी लाउंज क्रासरोड माल में चल रही है।



