उत्तराखंडक्राइमयूथ कार्नर

कोटद्वार बाबा दुकान विवाद के बाद सुर्खियों में आए दीपक का ठप पड़ा जिम का बिजनेस

Listen to this article

कोटद्वार, 11 फरवरी। उत्तराखंड के कोटद्वार में जिम चलाने वाले दीपक कुमार, जो खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ भी बताते हैं, इन दिनों आर्थिक और सामाजिक मुश्किलों से गुजर रहे हैं. एक विवाद के बाद उनके जिम की सदस्यता में भारी गिरावट दर्ज हुई है. दीपक के अनुसार पहले उनके जिम में रोज़ाना लगभग 150 लोग वर्कआउट करने आते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर महज़ 12-15 सदस्य रह गई है.

26 जनवरी की घटना के बाद माहौल पूरी तरह बदला
उन्होंने बताया कि उनका जिम किराये की इमारत में चलता है और पहले सुबह से शाम तक लगातार भीड़ रहती थी, मगर 26 जनवरी की घटना के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया. दीपक बताते हैं कि 26 जनवरी को उन्होंने एक 70 वर्षीय मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में आवाज उठाई थी.

दुकान के नाम से बाबा शब्द हटाने पर हुआ था विवाद
आरोप था कि कुछ लोग दुकानदार पर दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने का दबाव बना रहे थे. इसी दौरान दीपक ने विरोध किया. विवाद के दौरान जब उनसे नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा “मेरा नाम मोहम्मद दीपक है.” उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद दीपक अचानक चर्चा में आ गए. हालांकि इसके साथ ही उन्हें विरोध, बहिष्कार जैसे हालात का सामना करना पड़ा और इसका सीधा असर उनके जिम के कारोबार पर पड़ गया. अब कम होती सदस्यता के कारण उनके सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.

दीपक का कहना है कि 31 जनवरी को बजरंग दल के कुछ सदस्य उनके खिलाफ प्रदर्शन करने जिम तक पहुंच गए थे, हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. लेकिन इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया और जिम आने वाले लोग सहम गए. दीपक के मुताबिक ’31 जनवरी की घटना के बाद सदस्य डर गए हैं और जिम आना बंद कर दिया है.’ उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई. दीपक ने बताया कि जिम दूसरी मंजिल पर है, जिसका किराया हर महीने 40 हजार रुपये देना पड़ता है और यही उनके परिवार की एकमात्र आय का साधन है.

इसके अलावा उन्होंने छह महीने पहले घर बनाया है, जिसकी 16 हजार रुपये मासिक लोन किश्त भी उन्हें चुकानी पड़ रही है. घटना का असर उनके परिवार और स्वास्थ्य पर भी पड़ा. दीपक ने बताया कि घटना के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी और उनकी बेटी ने स्कूल जाना बंद कर दिया था. अब पिछले दो दिन से वह फिर स्कूल जा रही है, लेकिन केवल उनके साथ ही जाती है.

दीपक ने यह भी दावा किया कि 31 जनवरी को कुछ लोग जिम के अंदर घुस आए थे, उस समय कई पुरुष और महिला सदस्य मौजूद थे. इस घटना को देखकर सदस्य डर गए और उसके बाद से उन्होंने जिम आना बंद कर दिया. हालांकि नुकसान के बावजूद दीपक को उम्मीद है कि समय के साथ हालात सुधरेंगे और पुराने सदस्य दोबारा लौटेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button