ईशान किशन ने मचाया तांडव, भस्म हुआ पाकिस्तान, अकेला बिहारी पाकिस्तान पर पड़ा भारी

कोलंबो, 15 फरवरी। भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई।
ईशान किशन ने खेली मैच जिताऊ पारी
इससे पहले, ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े जिससे भारत चुनौतीपूर्ण लक्ष्य देने में सफल रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों से कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। ईशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। शुरुआती दो ओवरों में ही उनके तीन विकेट गिर गए। पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन की राह दिखाई।
पाकिस्तान के लिए इस मैच में उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।
भारत सुपर आठ में पहुंचा
भारतीय टीम लगातार तीन मैच जीतकर सुपर आठ में पहुंच गई है। भारत ने अमेरिका को हराकर टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद नामीबिया को मात दी थी। अब कोलंबो में पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत दर्ज कर छह अंकों के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर अपना दबदबा बरकरार रखा है। अब उसका ग्रुप चरण में आखिरी मैच नीदरलैंड से 18 फरवरी को होगा।



