खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

टी20 विश्व कप 26 से आस्ट्रेलिया का बोरिया बिस्तर बंधा, जिम्बाब्वे सुपर आठ में

Listen to this article

स्पोर्ट्स डेस्क। ग्रुप स्टेज के अंतिम मुकाबलों से पहले कई समीकरण अब भी खुले हैं, लेकिन सात टीमें अपना टिकट कटा चुकी हैं। सुपर-आठ की जंग अब और भी रोमांचक होने वाली है, जहां बाकी बचा हर मैच नॉकआउट जैसा दबाव लेकर आएगा। ग्रुप-राउंड के मुकाबले 20 फरवरी तक चलेंगे और इसके बाद सुपर-8 राउंड की शुरुआत होगी।

टी20 विश्वकप 2026 में सुपर-8 में पहुंचने की जंग रोमांचक हो चली है। हर ग्रुप में कांटे की टक्कर है और कोई भी हार मानने को तैयार नहीं है। हालांकि, पहले की तुलना में इस विश्वकप में ज्यादा उलटफेर देखने को नहीं मिले हैं, लेकिन फिर भी एक-दो कागज पर कमजोर दिखने वाली टीमों ने मजबूत खेल दिखाया है। भारत समेत अब तक कुल सात टीमों ने सुपर-आठ के लिए क्वालिफाई कर लिया है, वहीं 10 टीमें रेस से बाहर हो चुकी हैं। अब सुपर-आठ में खाली एक स्थान के लिए तीन टीमों के बीच टक्कर है। बुधवार को आठवीं टीम का भी फैसला हो जाएगा।

सभी ग्रुपों का हाल 6 पॉइंट्स में
ग्रुप ए से भारत ने लगातार तीन जीत के साथ सबसे पहले सुपर-8 का टिकट हासिल किया। पाकिस्तान पर 61 रन की बड़ी जीत ने टीम का आत्मविश्वास और मजबूत किया। अब इस ग्रुप से दूसरी टीम की दौड़ रोचक है। पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को अपने आखिरी मैच में नामीबिया से भिड़ना है। जीत उसे सीधे अगले दौर में पहुंचा देगी, लेकिन अगर पाकिस्तान हारता है, तो दो जीत के साथ खड़ी अमेरिका टीम बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर आगे बढ़ सकती है।

ग्रुप बी में श्रीलंका टीम ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर-8 में एंट्री की। इस नतीजे ने ऑस्ट्रेलिया टीम को बाहर होने के कगार पर ला खड़ा किया था। इसके बाद रही सही कसर जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश से धुलने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले और पांच अंक के साथ जिम्बाब्वे की टीम भी क्वालिफाई कर गई।

ग्रुप सी में इंग्लैंड टीम ने इटली को 24 रन से हराकर टूर्नामेंट की तीसरी जीत दर्ज की और सुपर-8 में जगह बनाई। वेस्टइंडीज की टीम पहले ही तीन मैचों में तीन जीत के साथ अगले दौर में पहुंच चुकी थी। इस ग्रुप में अब बाकी टीमें सिर्फ सम्मान के लिए खेलेंगी।

ग्रुप डी में अफगानिस्तान टीम की यूएई पर जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 में जगह बना ली। वहीं, मंगलवार को न्यूजीलैंड ने कनाडा को हराकर अपना आखिरी ग्रुप मैच जीता और टीम छह अंक लेकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई कर गई। इसी के साथ ग्रुप डी से एक साथ तीन टीमें एलिमिनेट हो गईं।

ऑस्ट्रेलिया बाहर, जिम्बाब्वे सुपर आठ में
जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 विश्व कप में ग्रुप बी का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया है। इसके साथ ही दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। इसका फायदा जिम्बाब्वे को हुआ है और वह सुपर आठ चरण में पहुंच गई है। वहीं, 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम सुपर आठ चरण में पहुंच चुकी थी और जिम्बाब्वे इस ग्रुप से अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। जिम्बाब्वे ने लगातार दो मैच जीते और अब मैच रद्द होने से उसे एक अंक मिला जिससे उसके तीन मैचों में पांच अंक हो गए।

एक स्थान के लिए तीन टीमों में जंग
ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने से अब सुपर आठ की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। जिम्बाब्वे सातवीं टीम है जिसने अगले दौर में जगह बनाई है। अब सिर्फ एक स्थान के लिए अमेरिका, नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच होड़ है। सुपर आठ में पहला ग्रुप भी तय हो गया है। ग्रुप-1 में भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। वहीं, ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका ने सुपर आठ में जगह बनाई है, जबकि एक स्थान के लिए टीम का क्वालिफाई करना शेष है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button