महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन

यमकेश्वर, 25 फरवरी। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में वार्षिक क्रीड़ा समारोह के अंतिम दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि विधायक रेनू बिष्ट ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा रहे। मुख्य अतिथि विधायक ने सबसे पहले महाविद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक निधि से प्राप्त अनुदान के माध्यम से क्रय की गई नवीन पुस्तकों एवं अलमारियों का अवलोकन करते हुए उनका विधिवत उद्घाटन किया गया। विधायक ने पुस्तकालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सुदृढ़ एवं समृद्ध पुस्तकालय व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग कर ज्ञानार्जन की दिशा में निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान भी किया।

इसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्राचार्य द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। विधायक ने हरी झंडी दिखाकर 100 मीटर दौड़ के साथ खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया।
100 मीटर दौड़ में रीता तथा अमन रहे प्रथम

100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग) में रीता ने प्रथम, ज्योति ने द्वितीय एवं कामिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में अमन कुमार प्रथम, उमेश कुमार द्वितीय तथा आयुष सिंह तृतीय स्थान पर रहे। कैरम प्रतियोगिता में मेघा प्रथम एवं ज्योति द्वितीय स्थान पर रहीं। तीरंदाजी (बालक वर्ग) में अमन कुमार प्रथम, आयुष सिंह द्वितीय तथा उमेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे, वहीं तीरंदाजी (बालिका वर्ग) में शालिनी ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय एवं कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विधायक ने खेलों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न एवं महाविद्यालय पत्रिका भेंट की, वहीं छात्रसंघ की ओर से मुख्य अतिथि को श्रीमद्भागवतगीता भेंट की गई। प्राचार्य ने सभी अतिथियों, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. उमेश त्यागी तथा महाविद्यालय परिवार का सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. उमेश त्यागी के निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ।
इस अवसर पर डॉ. गिरिराज सिंह, डॉ. विनय कुमार पांडे, नीरज नौटियाल, डॉ. सुनील देवराड़ी, डॉ. पूजा रानी, डॉ. हिमानी बड़ोनी, डॉ. चेतन भट्ट, डॉ. मनवीर कंडारी, डॉ. केशव डबराल, प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्रीमती बीना देवी, धर्मेंद्र नेगी, वेद किशोर, अखिलेश नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



