उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नर
सीबीआई ने वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय को 5000 रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया

देहरादून, 27 फरवरी। सीबीआई के एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने देहरादून में तैनात वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए काफी महत्वपूर्ण होती है।
सीबीआई अब सांख्यिकी अधिकारी की चल-अचल संपत्ति की जांच कर रही है। सीबीआई ने आरोपी का दो दिन की कस्टडी रिमांड लिया है ताकि उसकी बेहिसाब संपत्ति या अन्य दस्तावेजों का पता लगाया जा सके।
रुड़की निवासी टैक्स अधिवक्ता प्रभात कुमार अग्रवाल ने सीबीआइ को शिकायत पत्र देकर बताया था कि वह हरिद्वार की प्लाईवुड इकाई बीएस इंडस्ट्री का टैक्स संबंधी कार्य देखते हैं। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के देहरादून कार्यालय से प्रत्येक वर्ष वार्षिक रिटर्न दाखिल करने के लिए कंपनी का डाटा एकत्रित किया जाता है।
आरोप है कि पिछले कुछ समय से वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार वार्षिक रिटर्न को दाखिल करने के एवज में 5000 रुपये की धनराशि बतौर रिश्चत मांग रहे थे। 24 फरवरी को संजय कुमार ने मोबाइल पर काल कर एक मोबाइल नंबर भेजकर उस पर 5000 रुपये तत्काल ट्रांसफर करने को कहा। जब उन्होंने रकम ट्रांसफर नहीं की तो 25 फरवरी की सुबह दोबारा रुपयों की मांग की गई।
इस पर अधिवक्ता ने नकद राशि देने को कहा। गुरुवार देर रात सीबीआइ ने आरोपित को रिश्वत लेते हुए उसके दून सालावाला स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।



