ITI वालों के लिए अब 150 घंटे की जॉब ट्रेनिंग जरूरी, सरकार की नई गाइडलाइन

नई दिल्ली, 4 मार्च। आईटीआई स्टूडेंट्स के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण और बड़ा फैसला लिया है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग (DGT) ने क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) के अंतर्गत आईटीआई ट्रेनी के लिए 150 घंटे की ऑन दी जॉब ट्रेनिंग को जरूरी कर दिया है। अब स्टूडेंट को यह ट्रेनिंग अनिवार्य रूप से करनी ही होगी। एक तरह से यह छात्रों के लिए फायदेमंद ही है। इससे उन्हें क्लासरूम के साथ तकनीकी और व्यावहारिक तौर पर काम को सीखने का मौका मिलेगा।
नौकरी के लिए तैयार होंगे छात्र
यह ट्रेनिंग स्किल डेवलपमेंट और एंटरप्रेन्योरशिप मंत्रालय के तहत क्टाफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के अंदर दी जाएगी। अब तक आईटीआई स्टूडेंट्स को आईटीआई के कैंपस में ही ट्रेनिंग दी जाती थी, लेकिन इससे काफी चीजें सीखने और समसझने के लिए रह जाती थी। खासतौर से जॉब का असल वातावरण में काम का कोई भी अनुभव छात्रों को नहीं मिल पाता था। लेकिन अब नई गाइडलाइन के तहत इस जॉब ट्रेनिंग के जरिए स्टूडेंट्स को नौकरी के लिए तैयार किया जाएगा। उन्हें कामकाजी दुनिया की असली समझ मिलेगी।
ITI की मार्कशीट में भी जुड़ेगा काम
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत डीजीटी ने सीटीएस की योग्यता को रिवाइज्ड किया है। जिसमें आईटीआई वालों के लिए सालाना ट्रेनिंग की अवधि को 1600 से घटाकर 1200 कर दिया गया है। इसकी जगह 150 घंटे की ऑन द जॉब ट्रेनिंग (OJT) को स्कीम को शामिल किया गया है।डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग (DGT) का कहना है कि क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) में आईटीआई स्टूडेंट्स को कम से कम सामान्य ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ऑन दी जॉब ट्रेनिंग (OJT) पर जाने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा अभ्यर्थी ग्रुप प्रोजेक्ट पर भी काम कर सकेंगे। 150 घंटे की ट्रेनिंग को छात्रों की मार्कशीट में भी जोड़ा जाएगा। जिससे आईटीआई सर्टिफिकेट में उनके काम के बारे में भी जानकारी हो। जो स्टूडेंट्स किसी भी कारण से OJT नहीं कर सकेंगे उनके लिए ग्रुप प्रोजेक्ट अनिवार्य होगा।
आईटीआई वालों के लिए भर्ती
रेलवे में आईटीआई वालों के लिए अभी अप्रेंटिसशिप की भर्ती चल रही है। पश्चिमी रेलवे ने 5349 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। जो भी अभ्यर्थी अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग करना चाहते हैं, वो इसमें अंतिम तिथि 23 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक अप्लाई कर सकते हैं। कैंडिडेट्स की उम्र 15 वर्ष से कम और अधिकतम 24 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अप्रेंटिसशिप करने के लिए आपको कोई रिटन एग्जाम भी नहीं देना होगा। केवल मेरिट बेस पर शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के जरिए उम्मीदवारों को चुना जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान आपको स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।



