खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

फाइनल या विदाई: आज रात वानखेड़े में होगा भारत-इंग्लैंड के बीच करो या मरो का फैसला

Listen to this article

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के महाकुंभ, ‘टी20 वर्ल्ड कप 2026’ का मंच सज चुका है और अब बारी है उस महामुकाबले की जिसका पूरे हिंदुस्तान को बेसब्री से इंतज़ार है. सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से होने जा रहा है. यह ‘करो या मरो’ का मुकाबला है जो जीता वो फाइनल का सिकंदर, जो हारा उसका सफर यहीं खत्म. लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले इंग्लैंड के खेमे में अगर किसी एक नाम की दहशत है, तो वो नाम है अभिषेक शर्मा. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च की रात भारत और इंग्लैंड के बीच हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें ‘करो या मरो’ की स्थिति में होंगी.यह मुकाबला केवल कौशल का नहीं, साहस और संतुलन का भी है. मुंबई की रात गवाह बनेगी- कौन रचेगा नई गाथा?

टीम इंडिया को दिखाना होगा अपना सर्वश्रेष्ठ खेल
मुंबई की रोशनी में एक और नॉकआउट रात तैयार है. भारत Vs इंग्लैंड- दोनों को रास्ता आसान नहीं मिला, लेकिन अब मंजिल एक है- परफेक्ट गेम. सेमीफाइनल का दबाव, छोटी बाउंड्री और स्पिन का जाल- हर बारीकी मायने रखेगी. टूर्नामेंट की शुरुआत में खिताब की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही टीम इंडिया अब तक मजबूत टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाई है. सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली करारी हार के बाद टीम प्रबंधन ने संयोजन में बदलाव किया और संजू सैमसन की वापसी ने मानो कहानी की दिशा ही बदल दी.

सेमीफाइनल में ‘X-Factor’ साबित होंगे अभिषेक!
एक साल पहले की वो पारी आज भी इंग्लैंड के गेंदबाजों की रातों की नींद खराब कर रही होगी. सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बहुत मायने रखती है. अभिषेक शर्मा का निडर अंदाज और पहली गेंद से प्रहार करने की क्षमता उन्हें भारत का सबसे बड़ा ‘X-Factor’ बनाती है. ऐसे में सवाल ये है की क्या अभिषेक शर्मा एक बार फिर इंग्लैंड पर कहर बनकर टूटेंगे? क्या वानखेड़े वाला वो खौफ एक साल बाद सेमीफाइनल के मैदान पर दोबारा देखने को मिलेगा? अगर अभिषेक के बल्ले ने एक बार फिर वैसी ही आग उगली, तो टीम इंडिया को फाइनल की दहलीज पार करने से कोई नहीं रोक पाएगा. पूरा देश अब बस एक ही दुआ कर रहा है, “अभिषेक, एक बार फिर वही धमाका!

10 साल इंतजार के बाद सैमसन के बल्ले से निकली थी बड़ी पारी
10 साल से ज्यादा इंतजार के बाद सैमसन ने बड़े मंच पर वह पारी खेली, जिसका वादा बरसों से था और वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में नाबाद 97 रनों का विस्फोट किया. 31 साल के बल्लेबाज का आत्मविश्वास अब चरम पर होगा. उम्मीद है कि उसका असर ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा पर भी पड़ेगा, जिन्हें एक ठोस, आत्मविश्वास बढ़ाने वाली पारी की सख्त जरूरत है.

इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट बॉल की बौछार सैमसन की परीक्षा ले सकती है. अतीत में वे इस रफ्तार के खिलाफ जूझे हैं. वहीं पावरप्ले में विल जैक्स की ऑफ-स्पिन अभिषेक को बांधने की कोशिश करेगी. लेफ्ट-आर्म स्पिनर लियाम डॉसन नई गेंद से ओवर फेंक चुके हैं और मिडिल ओवर्स में आदिल राशिद की चतुराई भारत के लिए बड़ी चुनौती होगी. इन तमाम पहेलियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय बल्लेबाज लंबे प्रैक्टिस सेशन में पसीना बहा रहे हैं.

ईशान किशन शानदार शुरुआत के बाद फीके पड़े हैं, पर अपने पूर्व IPL होम ग्राउंड पर वापसी का भरोसा रखते होंगे. कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या ने नेट्स में घंटों बल्लेबाजी की है- इशारा साफ है, तैयारी बारीक है. क्रम नीचे आने के बाद तिलक ने मिडिल ऑर्डर में पावर-हिटिंग से प्रभावित किया है. नंबर-3 पर जो फ्लुएंसी नहीं मिली, वह नई भूमिका में दिखी. छोटी बाउंड्री वाले इस मैदान पर अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी के लिए चूक की कोई गुंजाइश नहीं होगी. वरुण हालिया मुकाबलों में थोड़े महंगे साबित हुए हैं, ऐसे में उन्हें लगातार सही लेंथ पकड़नी होगी.

टीम संयोजन में बदलाव की संभावना कम
जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह शानदार रहे हैं, मगर आखिरी पांच ओवरों में थोड़ा और कसाव चाहिए. शिवम दुबे छठे गेंदबाज के रूप में जोखिम भरा विकल्प साबित हो सकते हैं. कुलदीप यादव को खिलाने का आकर्षण रहेगा, पर टीम संयोजन में बदलाव की संभावना कम है.

सेमीफाइनल के लिए रखी गई पिच का इस टूर्नामेंट में दो बार इस्तेमाल हो चुका है. यह वही पिच है जिसने इस टूर्नामेंट में दो चरम नतीजे देखे हैं- एक ओर वेस्टइंडीज ने 196 रन बचाकर इंग्लैंड को चौंकाया, तो दूसरी ओर इटली ने नेपाल को 123 पर समेटकर 10 विकेट से रौंद दिया. सेमीफाइनल में भी कहानी किस करवट बैठेगी, यह सतह काफी हद तक तय कर सकती है.

लगातार तीन बार दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
दोनों टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं. 2022 में इंग्लैंड ने भारत को रौंदते हुए खिताब की राह पकड़ी थी, 2024 में भारत ने गयाना में बदला लिया. अब 2026 में मुंबई की बारी है.

इंग्लैंड इस संस्करण में हैरी ब्रूक और जैक्स की व्यक्तिगत चमक पर टिका रहा है, जबकि सैम करन ने ऑलराउंड योगदान दिया है. फोकस जोस बटलर पर भी है- क्या बड़ा मैच उन्हें फिर लय दिलाएगा? करन ने साफ कहा, ‘अब तक क्या हुआ, मायने नहीं रखता. अगर कभी परफेक्ट गेम खेलना है, तो वह गुरुवार की रात है.’

दोनों स्क्वॉड इस प्रकार हैं –
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button