Finn Allen ने जड़ा T20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक, क्रिस गेल का महारिकॉर्ड तोड़ा

स्पोर्ट्सस डेस्क। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 4 मार्च को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले सेमीफाइनल में इतिहास रच दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में वो कर दिखाया जो आजतक के क्रिकेट इतिहास में कोई नहीं कर सका। मात्र 33 गेंदों में फिन एलन ने शतक ठोककर ने केवल न्यूजीलैंड की टीम को फाइनल का टिकट दिलाया, बल्कि टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने क्रिस गेल का 10 साल पुराना रिकॉर्ड धराशायी किया।
Finn Allen ने जड़ा T20 World Cup इतिहास का सबसे तेज शतक
दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए अफ्रीकी टीम ने 169 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में कीवी टीम ने महज 12.5 ओवर में ही 170 रन का लक्ष्य हासिल किया।
फिन एलन ने टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक ठोकते हुए साउथ अफ्रीका का विश्व विजेता बनने का सपना चूर-चूर कर दिया, जबकि न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंच गया है। प्लेयर ऑफ द मैच एलन ने मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक ठोका। उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के उड़ाते हुए साउथ अफ्रीका के 169 रनों का बौना साबित कर दिया। उन्होंने टिम सीफर्ट (33 गेंद, 7 चौके और 2 छक्के, 58 रन) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 9.1 ओवरों में 117 रन ठोके, जबकि रचिन रविंद्र (नाबाद 13 रन, 2 चौके और 11 गेंद) के साथ मिलकर 12.5 ओवरों में टीम को 173 रन तक पहुंचते हुए 9 विकेट की धांसू जीत दिलाई।
T20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक
फिन एलन अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज़ सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। टी20 इंटरनेशनल (T20I) क्रिकेट में किसी भी फुल-मेंबर देश के खिलाफ यह अब तक का सबसे तेज शतक है। ओवरऑल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें, तो यह इतिहास का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक है। फुल-मेंबर देशों के खिलाड़ियों में यह संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है। उन्होंने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 33 गेंदों में शतक जड़ा था।
T20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के
20 – फिन एलन (2026)
19 – शिमरॉन हेटमायर (2026)
18 – साहिबजादा फरहान (2026)
17 – निकोलस पूरन (2024)
16 – क्रिस गेल (2012)
16 – रहमानुल्लाह गुरबाज़ (2024)
फिन एलन ने टिम सीफर्ट को दिया श्रेय, बोले- उन्होंने मेरे गेम को आसान किया
मैच खत्म होने के बाद सबसे तेज शतक ठोकने का रिकॉर्ड बनाने वाले बल्लेबाज ने अपने पार्टनर टिम सीफर्ट को क्रेडिट देते हुए कहा- मैं कहूंगा कि यह काफी अच्छा है। मैं टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था। जाहिर है कि हम उन्हें जल्दी बैकफुट पर लाने की कोशिश करना चाहते थे। मुझे लगता है कि जब टिमी (सीफर्ट) इस तरह से खेलता है तो मेरे लिए यह आसान होता है। फिर जब वह मेरे एरिया में हो तो उसे हिट कर सकता हूं और बस उसे स्ट्राइक देने की कोशिश कर सकता हूं। इसलिए मुझे लगता है कि जिस तरह से उसने बैटिंग की, उससे हमने बहुत अच्छी शुरुआत की।



