खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

अभिषेक ‘पास’ या ‘फेल’? भारत-न्यूजीलैंड फाइनल से पहले कोच गंभीर की बढ़ी टेंशन!

Listen to this article
अहमदाबाद, 7 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत आज न्यूजीलैंड के साथ होगी जहां भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है और इस हाई-वोल्टेज फाइनल को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के लिए एक आंकड़े ने चिंता की लकीरें खींच दी हैं. यह चिंता है टीम के धाकड़ ओपनर अभिषेक शर्मा के अहमदाबाद के इस मैदान पर खराब रिकॉर्ड को लेकर जो आज एक बड़ी परीक्षा होगी.
भारत ने पूर्व में रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था टी20 विश्व कप
भारत ने हालांकि 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 विश्व कप जीतकर इसकी काफी हद तक भरपाई कर दी थी। अब खेल के सबसे छोटे प्रारूप की भारतीय टीम सूर्यकुमार की कप्तानी में खिताब का बचाव करने और इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश करेगी। एक कुशल बल्लेबाज और चतुर कप्तान सूर्यकुमार न केवल कप्तान के रूप में अपनी खुद की विरासत बनाने के लिए उत्सुक होंगे, बल्कि वह 19 नवंबर 2023 की पीड़ा को भी खत्म करना चाहेंगे। सूर्यकुमार और उनके साथी ठीक 364 दिन पहले नौ मार्च, 2025 को भारत की आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड की लगभग इसी टीम के खिलाफ मिली जीत से प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगे।
अहमदाबाद में ‘खामोश’ रहता है अभिषेक का बल्ला
अभिषेक शर्मा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों को डराया है, लेकिन अहमदाबाद के आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार अभिषेक ने इस मैदान पर 9 T20 पारियों में हिस्सा लिया है. इन 9 मैचों में उनके बल्ले से केवल 169 रन निकले हैं. यहां उनका बल्लेबाजी औसत महज 18.77 का है, जो उनकी क्षमता से काफी कम है. हालांकि उनका स्ट्राइक रेट 142.01 का रहा है, लेकिन वह केवल एक अर्धशतक ही लगा पाए हैं. इस मैदान पर अभिषेक ने कुल 10 छक्के और 17 चौके जड़े हैं, लेकिन बड़ी पारी खेलने में वह लगातार नाकाम रहे हैं.
फाइनल की पिच पर एक ही मैच हुआ 
फाइनल की पिच लगभग ताजा ही रहेगी, क्योंकि यहां टूर्नामैंट का इकलौता मैच करीब एक महीने पहले 9 फरवरी को हुआ था। यहां पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने 4 ही विकेट खोकर 213 रन बना दिए थे।
जवाब में कनाडा 156 रन ही बना सका। अहमदाबाद में कनाडा-अफ्रीका मैच के बाद भी 5 मुकाबले खेले गए, लेकिन किसी में भी फाइनल वाली पिच का इस्तेमाल नहीं हुआ। हालांकि, उन पिचों पर कभी 200 रन नहीं बने। 184 पहली पारी में औसत स्कोर रहा। 2 बार पहले बैटिंग और 2 ही पहले बॉलिंग करने वाली टीमों को जीत मिली। जबकि एक नतीजा सुपर ओवर में आया।
काली और लाल मिट्टी को मिक्स कर बनाई पिच
अहमदाबाद में काली और लाल मिट्टी को मिक्स कर फाइनल के लिए पिच बनाई गई है। वानखेड़े स्टेडियम में भी सैमीफाइनल के दौरान इसी तरह की पिच थी। अब फाइनल में भी स्पिनर्स के लिए मदद कम रहेगी, पेसर्स को अच्छा बाऊंस मिलेगा, लेकिन इससे बैटिंग बहुत ज्यादा आसान हो जाएगी। पहली पारी में 200 से ज्यादा रन बनाए तभी जीत के चांस हैं।
करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ने को तैयार हैं : सैंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि जब दुनिया युद्ध की विभीषिका झेल रही है तब उनकी टीम रविवार को यहां होने वाले टी-20 विश्व कप में करोड़ों भारतीयों के दिल को तोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सैंटनर वर्तमान समय के अन्य कप्तानों की तरह जोशीले नहीं हैं और ना ही वह मजाक करते हैं लेकिन उनकी हाजिरजवाबी से दर्शक ठहाके लगा देते हैं।
सैंटनर ने स्वीकार किया कि जब लोग घर नहीं लौट पा रहे हों तो केवल फाइनल पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल है, लेकिन उनके हाथ में अभी केवल यही काम है। उन्होंने कहा, ”खिलाड़ी घर नहीं लौट पा रहे हैं। ऐसे में तब केवल मैच के बारे में सोचना मुश्किल है। इसे अपने दिमाग से निकालना एक चुनौती है। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए यह सोचना महत्वपूर्ण है कि कल एक बहुत ही अच्छी भारतीय टीम के खिलाफ हमारा प्रदर्शन कैसा रहेगा।”
रिचर्ड इलिंगवर्थ अंपायरिंग करेंगे
आई.सी.सी. ने फाइनल मुकाबले के लिए ऑफिशियल्स भी बता दिए हैं। इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ ऑन फील्ड अंपायर होंगे। दोनों पहले सैमीफाइनल में भी अंपायर थे। इलिंगवर्थ 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी क्रिस गैफनी के साथ अंपायरिंग कर रहे थे। वे पिछले वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भी अंपायर थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button