
अहमदाबाद, 8 मार्च। सूर्यकुमार यादव की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी-20 विश्व कप दिलाया जिसमें संजू सैमसन की भूमिका अहम रही तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी हमेशा याद रखा जाएगा। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरुष अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनी।
संजू सैमसन ने फिर खेली आक्रामक पारी
संजू सैमसन ने 46 गेंद में 89 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन बनाकर भारत को पावरप्ले में ही 98 रन तक पहुंचाते हुए जीत की नींव रख दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर 5 विकेट पर 255 रन बनाए। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर को कोल मैकोंची की जगह जैकब डफी को अंतिम एकादश में उतारने का खामियाजा भुगतना पड़ा। करीब 86,000 दर्शकों के सामने न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर आउट हो गई। मुंबई के चैंबूर में रहने वाले सूर्यकुमार ने अपना नाम महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी-20 विश्व कप जीतने वाले कप्तानों में शामिल कर लिया।

4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले बुमराह रहे मैन आफ द मैच
लगातार 2 टी-20 विश्व कप जिताने वाले कोच गौतम गंभीर के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता। जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाते हुए साबित कर दिया कि वह दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज क्यों हैं। उनका इस विश्व कप में प्रदर्शन क्रिकेट की किवदंतियों में शुमार रहेगा। आई.पी.एल. के बड़े बड़े सितारों से भरी यह भारतीय टीम पहले ही से खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। हर मैच में एक नए ‘मैच विनर’ के साथ यह दावा और पुख्ता होता चला गया।
अभिषेक शर्मा ने भी आलोचकों का मुंह बंद किया
भारतीय क्रिकेट में 2007 में पहले टी-20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत अगर ऐतिहासिक थी तो इस जीत को भी 2023 के जख्मों पर मरहम के रूप में याद रखा जाएगा। पूरे टूर्नामैंट में खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा का बल्ला फाइनल में खूब चला। वहीं सैमसन ने अपने कैरियर का सबसे यादगार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश का दिल जीता। बुमराह के यॉर्कर, अक्षर पटेल के अकल्पनीय कैच और ईशान किशन की बल्लेबाजी की चर्चा बरसों तक होगी। अभिषेक ने 21 गेंद में 52 रन बनाए जबकि सैमसन ने 46 गेंद में 89 रन की पारी खेली। उन्होंने लांग आन, लांग आफ और स्क्वेयर लेग के ऊपर से कुल 8 छक्के लगाकर खचाखच भरे दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में बैठे दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर से नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को भांपने में गलती हुई और टीम चयन में वह चूक गए। उन्होंने आफ स्पिनर कोल मैकोंची को नहीं चुना जिन्होंने सैमीफाइनल में क्विंटोन डिकॉक और रियान रिकलटन को आउट किया था। अभिषेक ने मैकोंची की जगह खेल रहे जैकब डफी की गेंद पर 5 चौके लगाए। डफी ने 3 ओवर में 42 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिली। हैनरी ने 4 ओवर में 49 रन दिए और एक विकेट चटकाया। भारत ने पावरप्ले के 6 ओवरों में 92 रन बना लिए थे। रचिन रविंद्र ने अभिषेक को आउट करके 43 गेंद में बनी 98 रन की सांझेदारी को तोड़ा।
नए बल्लेबाज ईशान किशन ने रन गति कायम रखते हुए 4 छक्के और 4 चौके लगाए। सैमसन और ईशान ने 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी करके भारत को 200 रन के पार पहुंचाया। जिम्मी नीशाम ने हालांकि सैमसन, ईशान और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को 16वें ओवर में आउट करके रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की लेकिन तब तक बड़ा स्कोर बन चुका था। डफी को पहले ही ओवर में 3 चौके पड़े जबकि ग्लेन फिलिप्स ने दूसरा ओवर काफी किफायती डाला। अभिषेक ने फर्ग्यूसन और हैनरी को छक्के लगाए।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिले पुराने जख्मों पर मरहम लगा गई यह जीत
19 नवंबर 2023 को इसी मैदान पर वनडे विश्व कप फाइनल हारने के बाद मैदान से बाहर जाते हुए मायूस रोहित शर्मा की ही नहीं बल्कि पूरे देश की आंखें नम थी लेकिन मोटेरा पर मिले उन जख्मों पर सूर्यकुमार यादव की इस टीम की खिताबी जीत ने आज मरहम लगा दिया। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीता। लेकिन 2023 में एक दिवसीय प्रारूप के विश्व कप में लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची रोहित की भारतीय टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हराया था तब दुनिया के सबसे बड़े इस स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में सन्नाटा छा गया था।
फाइनल से पहले अपराजेय रही भारतीय टीम की हार से रोहित ही नहीं, पूरा देश स्तब्ध था। पूरे टूर्नामेंट में अपनी निस्वार्थ बल्लेबाजी और बेखौफ कप्तानी से दिल जीतने वाले रोहित अपने आंसुओं को छिपाते हुए सिर नीचा करके मैदान से बाहर गए तो उनकी यह तस्वीर और वीडियो जमकर वायरल हुई थे। लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर खूब साझा भी किया था। फिर इस विश्व कप के दौरान सुपर-8 चरण में एकमात्र मैच में भारत को इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार मिली तो यह भी कहा जाने लगा कि कहीं यह मैदान ‘अनलकी’ तो नहीं, लेकिन तमाम मिथक तोड़ते हुए भारत ने यह शानदार जीत दर्ज की तो वही नरेंद्र मोदी स्टेडियम जीत के जश्न में यूं सराबोर हुआ कि पिछली सारी कड़वी यादें धूमिल हो गई। इस खिताबी जीत को देखने के लिए मैदान पर रोहित ही नहीं बल्कि 2007 टी-20 और 2011 वनडे विश्व कप विजेता महेंद्र सिंह धोनी और 1983 वनडे विश्व कप जीतने वाले कप्तान कपिल देव भी मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीतकर इतिहास की कई ऊंचाइयों को छूने वाली टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। भारत को यह गर्व है कि वह तीन बार कप जीतने वाला अकेला देश है। यह लगातार दो बार कप जीतने वाली भी अकेली टीम है। इससे हमारे क्रिकेट पसंद करने वाले लोगों को बहुत खुशी और गर्व होता है।
चैंपियंस! आई.सी.सी. पुरुष टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह शानदार जीत उनके असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क को दर्शाती है। पूरे टूर्नामैंट के दौरान उन्होंने बेहतरीन जज्बा दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबास, टीम इंडिया।”
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री।
राहुल गांधी ने भी दी बधाई
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि एक बार फिर चैंपियंस! पूरे टूर्नामेंट में शानदार परफॉर्मेंस के लिए संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को खास तौर पर याद करते हुए। हमारी मेन इन ब्लू टीम की शानदार जीत। टीम इंडिया को घर पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को जश्न मनाने का एक और यादगार पल देने के लिए बधाई।



