उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

नीलकंठ महादेव में 51 करोड़ की लागत से बनेगा 4 मंजिला पार्किंग काम्पलेक्स

Listen to this article

देहरादून, 19 मार्च। पौड़ी गढ़वाल स्थित विश्व प्रसिद्ध नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना को मंजूरी मिल गयी है। यहां 51.6 करोड़ की लागत से एक आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण होने जा रहा है।

नीलकंठ महादेव का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहन पार्किंग की दिक्कत जल्द ही खत्म होगी। 5183.65 लाख रुपये की लागत से यहां मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही रामनगर-नैनीताल में भी 38 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा।

ऋषिकेश नीलकंठ रोपवे को भी मिल चुकी है मंजूरी
पार्किंग के अलावा नीलकंठ महादेव के लिए 450 करोड़ के रोपवे प्रोजेक्ट को भी हाल ही में वाइल्ड लाइफ क्लीयरेंस मिल गया था। इससे ऋषिकेश से नीलकंठ की दूरी सड़क मार्ग से जो घंटों में तय होती थी, अब मात्र 15 मिनट में हो जायेगी। इन दोनों परियोजनाएं के पूरा होने से नीलकंठ महादेव यात्रा न केवल सुगम होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में वीरवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास विभाग, पेयजल विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति दी गई। मुख्य सचिव ने शहरी विकास विभाग की नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) एवं रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान करते हुए पार्किंग निर्माण गाइडलाइंस का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने नीलकंठ महादेव मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत 5183.65 लाख) एवं रामनगर, नैनीताल मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत 3857.64 लाख) में प्रवेश एवं निकासी के लिए टर्निंग रेडियस सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का विशेष ख्याल रखे जाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने नीलकंठ महादेव में पार्किंग भूमि का जियोटेक्निकल सर्वे भी अनिवार्य रूप से कराए जाने पर जोर दिया। साथ ही बिल्डिंग के फसाड के सौंदर्यीकरण का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने पेयजल विभाग के कुल चार प्रस्तावों, जिसमें तीन पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसमें पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना, जिसकी कुल लागत 2438.32 लाख, तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना कुल लागत 3986.24 लाख एवं ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना कुल लागत 2578.52 लाख) एवं लालकुआं नगर पंचायत सीवरलाइन परियोजना (कुल लागत 37.95 लाख) को भी व्यय वित्त समिति की बैठक में मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल परियोजनाओं में मीटर लगाए जाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने सीवर लाइन परियोजना को पूरा किए जाने के लिए समयसीमा भी निर्धारित करते हुए लगातार मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए। व्यय वित्त समिति द्वारा लोनिवि की काठगोदाम बाईपास मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग पर 1177.93 लाख रुपये की लागत से स्पैन पुल को भी मंजूरी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button