
देहरादून, 2 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को श्री केदारनाथ धाम के रावल (मुख्य पुजारी) भीमाशंकर लिंग देहरादून में एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रावल ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए प्रदेश पर भगवान केदारनाथ की कृपा से सुख-समृद्धि की कामना की।
आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की चर्चा
मुख्यमंत्री ने रावल का स्वागत कर केदारनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस बार श्रद्धालुओं की भारी संख्या में आने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार की तरफ से आगामी यात्रा सीजन को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
रावल भीमाशंकर लिंग ने मुख्यमंत्री धामी को आशीर्वाद दिया और भगवान केदारनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने भी रावल से राज्य के विकास और लोक कल्याण के लिए मार्गदर्शन मांगा। इसी मुलाकात के दौरान सीएम ने प्रदेश में आपरेशन प्रहार का जिक्र किया, जिसका उद्देश्य देवभूमि को अपराध मुक्त और सुरिक्षत रखना है ताकि आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रावल भीमाशंकर लिंग की यह मुलाकात यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासनिक और आध्यात्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जल्द ही केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि के अनुसार अंतिम तैयारियों को चाक चौबंद किया जायेगा।



