
केएस रावत। जौलीग्रांट हेलीपैड से दो धामों बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए आगामी 26 अप्रैल से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने की संभावनाएं हैं। रुद्राक्ष एविएशन अपने एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर के जरिये बदरीकेदार धाम के लिए सेवा शुरू करने जा रहा है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी।
हेलीकाप्टर सुबह 6.30 बजे उड़ान भरेगा
जौलीग्रांट हेलीपैड से रुद्राक्ष एविएशन अपने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से पिछले तीन वर्षों से लगातार बदरी-केदार के लिए उड़ानें संचालित कर रहा है। इस बार कंपनी 26 अप्रैल से 15 जून बरसात शुरू होने से पहले तक दो धामों के लिए यात्रा शुरू करने की तैयारियों में जुटी हुई है। बरसात के बाद सितंबर माह में फिर से इस हेली सेवा को शुरू किया जाएगा। हेलीकाप्टर सुबह 6.30 बजे जौलीग्रांट से उड़ान भरेगा। श्रद्धालु एक ही दिन में बदरीकेदार दोनों धामों के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा जो लोग रुकना चाहें, उनके लिए रात्रि विश्राम का भी विकल्प रहेगा।
जौलीग्रांट हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सुबह साढ़े छह बजे उड़ान भरेगा। एक ही दिन में दो धामों की यात्रा पूरी की जा सकेगी। वहीं रात्रि विश्राम की सुविधा भी श्रद्धालुओं को दी जाएगी। मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट से एक दिन में दो बार उड़ान भरेगा। फिलहाल कंपनी के अधिकारी मंजूरी और अन्य औपचारिकताओं में जुटे हुए हैं। जिसके बाद ही इस सेवा को शुरू किया जाएगा।
एक लाख पैंतीस हजार रुपये प्रति व्यक्ति होगा किराया
जौलीग्रांट से दो धामों के लिए एमआई 17 हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के लिए इस बार श्रद्धालुओं को प्रति व्यक्ति करीब एक लाख पैंतीस हजार रुपये खर्च करने होंगे। वहीं रात्रि विश्राम के साथ प्रति व्यक्ति किराया करीब डेढ़ लाख रुपये होगा। पिछले वर्ष किराया एक लाख 21 हजार और एक लाख 41 हजार के करीब था।
22 और 23 अप्रैल को केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट खुल रहे हैं। इस वर्ष भी चारधाम यात्रा में दो धामों के लिए एमआई 17 से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है। 26 अप्रैल से हेलीकॉप्टर सेवा के शुरू किए जाने की संभावनाएं हैं।
-पीके छाबरी, संचालक रुद्राक्ष एविएशन
यात्रा करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन जरूर पूरा कर लें, क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन के हेलीकाप्टर टिकट बुक करना संभव नहीं होगा।



