उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

बिथ्याणी डिग्री कालेज की पूर्व छात्रा और भरपूर गांव की कविता ने पास की PCS प्रारंभिक परीक्षा

Listen to this article

यमकेश्वर/बिथ्याणी, 7 अप्रैल। महायोगी गुरूगोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी के लिए गर्व का क्षण है। महाविद्यालय की पूर्व होनहार छात्रा और भरपूर गांव निवासी कुमारी कविता ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पी.सी.एस. (प्रारंभिक) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी हेतु 50,000 रुपये की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की गई है।

संघर्ष और सफलता का सफर
ग्राम-भरपूर, यमकेश्वर की निवासी कविता ने वर्ष 2017 से 2020 के बीच इस महाविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की थी। अपनी कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने अक्टूबर 2025 में घोषित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के परिणामों में सफलता प्राप्त की। कविता ने बताया कि अब उनकी मुख्य परीक्षा अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में होना सुनिश्चित हुआ है, जिसके लिए वह पूरी एकाग्रता से जुटी हुई हैं।

उत्तराखंड सरकार की प्रोत्साहन योजना
उच्च शिक्षा विभाग, हल्द्वानी द्वारा संचालित इस विशेष योजना के तहत राज्य के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जाती है जो PCS, IAS, NDA जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर लेते हैं। विभाग द्वारा दी जाने वाली 50,000 रुपये की एकमुश्त धनराशि का उद्देश्य ग्रामीण व मध्यम वर्गीय परिवारों के होनहार विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के संसाधनों और कोचिंग के लिए वित्तीय संबल प्रदान करना है। उत्तराखंड सरकार की तरफ से उन छात्रों को नकद प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जिन्होंने प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास कर ली है, ताकि वे मुख्य परीक्षा (Mains) और साक्षात्कार (Interview) की तैयारी बिना किसी वित्तीय तनाव के कर सकें।

प्राचार्य ने दी बधाई
कविता की इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि कविता की यह सफलता महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक मिसाल है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे मजबूत, तो संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनती। हमारे समस्त विद्यार्थियों को कविता के परिश्रम से प्रेरणा लेनी चाहिए।
-प्रो. योगेश कुमार शर्मा, प्राचार्य, बिथ्याणी डिग्री कालेज

कविता की इस सफलता से न केवल उनके गांव भरपूर में खुशी का माहौल है, बल्कि महाविद्यालय के वर्तमान छात्र भी प्रशासनिक सेवाओं की ओर कदम बढ़ाने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button