उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिक

प्रधानमंत्री बनने के बाद 23वीं बार 14 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं मोदी, नया ट्रैफिक प्लान तैयार

Listen to this article

देहरादून, 9 अप्रैल। आगामी 14 अप्रैल को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने रूट प्लान तैयार कर लिया है. जिसके तहत जिला प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ी कैंट तक 13 जोन में रूट बांटा है. इसी कड़ी में डीएम बंसल ने जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए. वहीं, रूट पर भव्य सांस्कृतिक दल एवं लोक वाद्य यंत्रों के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी.

सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक प्लान-
देहरादून शहर क्षेत्र से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक से बेहट होते हुए अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.
रिस्पना पुल से जोगीवाला होते हुए लालतप्पड़ से रायवाला होकर हरिद्वार होते हुए अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.

देहरादून शहर से छुटमलपुर और बिहारीगढ जाने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान-
शिमला बाईपास तिराहा से नया गांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक से शाकुंबरी देवी होकर छुटमलपुर से अपने गंतव्य को जाएंगे.

दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून और मसूरी आने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान-
छुटमलपुर से बेहट होते हुए धर्मावाला चौक होकर प्रेमनगर होकर ठाकुरपुर हाईवे से प्रेमनगर चौक होते हुए बल्लुपूर चौक से अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.

14 अप्रैल को बंद रहे ये मार्ग-
14 अप्रैल को वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर रुड़की से वाया भगवानपुर होते हुए देहरादून और देहरादून से वाया भगवानपुर होते हुए रुड़की जाने वाला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में आज भ्रमण कार्यक्रम की अलग-अलग व्यवस्थाओं को लेकर तैनात सभी जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए.

वहीं, गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल में आमजन के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी जुटाई जा रही है. सभी तैनात जोनल, सेक्टर और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा गया है.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे मोदी: गौर हो कि पीएम मोदी की ओर से 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है. जिला प्रशासन ने पूरे रूट को 13 जोन में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है.

कब-कब उत्तराखंड आए प्रधानमंत्री मोदी-
11 सितंबर 2015 को ऋषिकेश स्थित दयानंद सरस्वती आश्रम के स्वामी दयानंद गिरी का हाल चाल लेने पहुंचे.
18 मार्च 2017 को देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया.
3 मई 2017 को प्रधानमंत्री बनने के बाद केदारनाथ की पहली यात्रा की. उस दौरान कपाट खुलने के मौके पर पूजा-अर्चना की.
20 अक्टूबर 2017 को दूसरी बार केदारनाथ धाम के दर्शन करने पहुंचे.
21 जून 2018 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एफआरआई देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए.
7 अक्टूबर 2018 को अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम देहरादून में डेस्टिनेशन इन्वेस्टर समिट को संबोधित किया.
7 नवंबर 2018 को केदारनाथ में दर्शन कर पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया. उसके बाद उत्तरकाशी जिले में हर्षिल के पास स्थित अग्रिम सैन्य चौकी पर पहुंच कर आईटीबीपी और सेना के जवानों के साथ दीवाली मनाई.
14 फरवरी 2019 को कॉर्बेट पार्क की सैर को ढिकाला पहुंचे. कॉर्बेट पार्क को रेस्क्यू सेंटर और वाइल्ड लाइफ टाइगर सफारी की सौगात दी.
18 मई 2019 को केदारनाथ दर्शन और पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर ध्यान गुफा में 16 घंटे 45 मिनट तक साधना की. दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन 19 मई को बदरीनाथ धाम के दर्शन किए.
8 नवंबर 2021 को केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन कर जनता को संबोधित किया.
4 दिसंबर 2021 को परेड ग्राउंड देहरादून में जनसभा किया. 18 हजार करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.
30 दिसंबर 2021 को नैनीताल जिले के हल्द्वानी में जनसभा की. 17 हजार 500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.
23 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया.
21 अक्टूबर 2022 को केदारनाथ और बदरी विशाल के दर्शन किए. देश के पहले गांव माणा में जनसभा को संबोधित किया.
12 अक्टूबर 2023 को पिथौरागढ़ जिले का दौरा किया. आदि कैलाश और जागेश्वर धाम के दर्शन किए. करीब 4,200 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया.
8 दिसंबर 2023 को एफआरआई देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को संबोधित किया.
2 अप्रैल 2024 को उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में बीजेपी की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया.
11 अप्रैल 2024 को ऋषिकेश में बीजेपी की संकल्प रैली को संबोधित किया.
28 जनवरी 2025 को अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम रायपुर, देहरादून में 38वें नेशनल गेम्स का शुभारंभ किया.
6 मार्च 2025 को उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन गद्दीस्थल मुखबा में पूजा अर्चना की. हर्षिल से देश दुनिया के यात्रियों को शीतकालीन यात्रा पर आने का संदेश दिया.
11 सितंबर 2025 को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आपदा प्रभावितों से मुलाकात की. उच्च स्तरीय बैठक कर उत्तराखंड के लिए 1,200 करोड़ का आपदा राहत पैकेज घोषित किया.
9 नवंबर 2025 को देहरादून में उत्तराखंड राज्य के रजत जयंती समारोह में प्रतिभाग किया.

वहीं, अब 14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून आ रहे हैं. इस दौरे के दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button