Uncategorized

पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने उर्मिला सनावर पर देहरादून मे दर्ज किया मुकदमा

Listen to this article

देहरादून, 10 अप्रैल। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कारण चर्चाओं में आई उर्मिला सनावर पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है. आरती गौड़ ने उर्मिला सनावर के ऊपर सोशल मीडिया पर उनकी छवि को खराब करने का आरोप लगाया है. इस मामले में आरती गौड़ ने उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

आरती गौड़ निवासी मोथरोवाला चौक ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई है कि सहारनपुर के गोविंद नगर निवासी उर्मिला सनावर नाम की महिला अपनी फेसबुक आईडी एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर के माध्यम से लगातार उनके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट कर रही है. आरती गौड़ का आरोप है कि उर्मिला सनावर ने उसका मोबाइल नंबर भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद से उन्हें लगातार अज्ञात लोगों के फोन कॉल आ रहे हैं और धमकियां दी जा रही हैं.

पीड़िता आरती गौड़ का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है और यहां तक कहा जा रहा है कि उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए. इस घटनाक्रम से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है और उनके मन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है.

आरती गौड़ ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

इस मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता आरती गौड़ की शिकायत के आधार पर उर्मिला सनावर के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

जानिए कौन है उर्मिला सनावर
दरअसल, उर्मिला सनावर खुद को बीजेपी के निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी कहती हैं. उर्मिला सनावर कुछ समय पहले जब चर्चाओं में आई थी, जब उन्होंने अपनी और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित बातचीत का ऑडियो जारी किया था. इस ऑडियो में उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बात हुई थी.

इस घटना के बाद उत्तराखंड में काफी हंगामा हुआ था. तभी उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौर और आरती गौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाए थे. सुरेश राठौर ने भी उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. फिलहाल अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में सीबीआई जांच कर रही है.

उर्मिला सनावर ने अपने और सुरेश राठौर का जो कथित ऑडियो जारी किया था, इसमें कहा गया था कि आरती गौड़ ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के रिजॉर्ट को गिरवाया था. यानी आरती गौड़ ने ही रिजॉर्ट तुड़वाने के लिए जेसीबी भेजी थी. इसके अलावा भी कई संगीन आरोप आरती गौड़ पर लगाए गए थे. हालांकि इन आरोपों को खुद आरती गौड़ ने खंडन किया था और बीजेपी की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए मामले की जांच भी मांग की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button