UKSSSC ने ड्राइवर के लिए 72 पदों पर जारी की भर्ती प्रक्रिया, अंतिम तिथि 7 मई

देहरादून, 10 अप्रैल। उत्तराखंड में जो युवा सरकारी वाहन चालक के रूप में काम करना चाहते हैं, उनके लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की विज्ञप्ति बेहद अहम हैं. क्योंकि, आयोग ने 72 रिक्त पदों को लेकर विज्ञप्ति जारी की है, जिसके लिए 17 अप्रैल से आयोग में अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे.
दरअसल, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने युवाओं के लिए एक बड़ा रोजगार अवसर उपलब्ध कराया है. आयोग ने विभिन्न विभागों में वाहन चालक और प्रवर्तन चालक के कुल 72 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. जबकि, आवेदन की अंतिम तिथि 7 मई 2026 निर्धारित की गई है.
UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर करें आवेदन: जारी विज्ञापन के मुताबिक, अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ-साथ आधार कार्ड की छायाप्रति भी अपलोड करनी होगी. इसके अलावा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र भी पेश करना अनिवार्य होगा.
विभागवार पदों की स्थिति
इस भर्ती अभियान के तहत सबसे ज्यादा पद राज्य कर विभाग में वाहन चालक के लिए निकाले गए हैं, जहां 16 पद भरे जाएंगे. वहीं, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग और समाज कल्याण विभाग में 9-9 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग में 7 पद, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में 6 पद और पौड़ी जिलाधिकारी कार्यालय में भी 6 पदों पर भर्ती की जाएगी.
अन्य विभागों की बात करें तो एनसीसी निदेशालय में 5 पद, विभागीय लेखा निदेशालय में 3 पद, चमोली जिलाधिकारी कार्यालय में 3 पद, अल्मोड़ा जिलाधिकारी कार्यालय में 2 पद, चंपावत जिलाधिकारी कार्यालय और पिथौरागढ़ में 1-1 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल में भी एक पद शामिल है. खास बात ये है कि परिवहन विभाग में प्रवर्तन चालक के 2 पद भी इस भर्ती के अंतर्गत शामिल किए गए हैं.
आवेदन से परीक्षा की तिथियां
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां भी घोषित की हैं. 10 अप्रैल 2026 को विज्ञापन जारी किया गया है. 17 अप्रैल से आवेदन शुरू होंगे और 7 मई तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद 11 से 13 मई के बीच अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे. लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की गई है.
यूकेएसएसएससी ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए. किसी भी प्रकार की त्रुटि से आवेदन निरस्त किया जा सकता है. आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए आयोग ने टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, जहां अभ्यर्थी संपर्क कर सकते हैं.
इस भर्ती के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में लंबे समय से खाली पड़े वाहन चालक पदों को भरा जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है. साथ ही युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर भी मिलेगा. यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास तौर पर लाभकारी साबित हो सकती है, जिनके पास वाहन चलाने का अनुभव है और जो सरकारी सेवा में अपना करियर बनाना चाहते हैं. ऐसे अभ्यर्थियों को समय पर आवेदन करने और सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है.



