
टिहरी, 16 अप्रैल। डरसाल गांव में शादी समारोह के बाद फूड प्वॉइजनिंग से कई लोग बीमार पड़ गए. जिनमें 35 मरीजों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती करवाया गया. जहां उनका उपचार किया गया, तो कई लोगों का जारी है. जबकि, कुछ लोग ऋषिकेश, देहरादून और चंबा में इलाज करा रहे हैं. इसके पीछे डरसाल गांव की एक शादी समारोह में पानी या भोजन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है. विदित हो कि बादशाहीथौल स्थित एक होटल में 13-14 अप्रैल को एक शादी समारोह में खाना खाने या दूषित पानी पीने से मेहमानों की तबीयत बिगड़ी है।
टिहरी के डरसाल गांव में मेहंदी फंक्शन के बाद बीमार पड़े कई लोग
डरसाल गांव में मेहंदी फंक्शन के बाद बीमार पड़े लोग: जानकारी के मुताबिक, बीती 13 अप्रैल की रात डरसाल गांव के एक होटल में शादी समारोह के तहत मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जहां भोजन करने के बाद कुछ लोग उसी रात बीमार हो गए. जबकि, 14 अप्रैल की सुबह तक कई अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई. स्थिति बिगड़ने पर मरीजों को तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया गया. जबकि, कुछ लोग चंबा, ऋषिकेश और देहरादून में भी उपचार करा रहे हैं.
13 अप्रैल को शादी समारोह में मेहंदी रस्म थी
डरसाल गांव के ग्राम प्रधान बुद्धि प्रसाद भट्ट ने बताया कि हमारे यहां होटल में शादी का समारोह रखा गया था. बीती 13 अप्रैल को मेहंदी थी. जिसमें लोगों ने खाना खाया और कुछ लोगों को रात में दिक्कत हुई. जिस पर उन्होंने सामान्य तबीयत खराब होने की बात समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन 14 अप्रैल की सुबह जब लोग खाना खाकर घर को जाने लगे, उस समय काफी लोग बीमार होने लगे. जिसमें कुछ लोगों को बौराड़ी अस्पताल में एडमिट करवाया. जिसमें करीब 30-35 लोग थे. कुछ लोग चंबा में हैं, तो कुछ ऋषिकेश या देहरादून गए. जहां उन्होंने अपना उपचार करवाया. उन्होंने कहा कि जिन्होंने खाना भी नहीं खाया, उन्हें भी समस्या हुई. ऐसे मे लग रहा है कि पानी की वजह से यह समस्या हुई. सभी की स्थिति ठीक है और सबका इलाज हो रहा है.
हैरानी की बात ये है कि कुछ ऐसे लोग भी बीमार हो गए. जिन्होंने शादी का खाना नहीं खाया था. इससे आशंका जताई जा रही है कि पीने के पानी में किसी प्रकार की गड़बड़ी हो सकती है.
– बुद्धि प्रसाद भट्ट, ग्राम प्रधान, डरसाल गांव
अब तक 35 लोग हो चुके अस्पताल में भर्ती: वहीं, टिहरी जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि शादी में शामिल लोगों के बीमार होने के बाद अब तक 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. सभी मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है और धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हो रहा है.
जहां बारात आई थी, वहां खाना खाने के बाद कुछ लोग बीमार पड़ गए थे. कल भी अस्पताल में 15 लोग आए थे और आज 20 लोग आए हैं. जिन्हें सीरियस हालत में एडमिट किया गया. जिनका ट्रीटमेंट किया गया. जिनमें से ज्यादातर लोग स्टेबल हैं और कुछ लोग जो ठीक हो गए. जो ठीक हुए हैं, उन्हें डिस्चार्ज भी कर दिया गया है.
– डॉ. अमित राय, सीएमएस, जिला अस्पताल बौराड़ी
आज जो 20 लोग आए थे, उनमें कम से कम 8 या 9 लोग एडमिट हुए हैं. कुछ को ओपीडी बेस पर इलाज कर घर भेज दिया गया है. सभी की स्थिति अच्छी और स्टेबल है. कोई ऐसा मरीज नहीं है, जिसे रेफर करने की जरूरत है. धीरे-धीरे जो स्टेबल होते जा रहे हैं, उन्हें दवाइयां देकर डिस्चार्ज करते जा रहे हैं.
– डॉ. अमित राय, सीएमएस, जिला अस्पताल बौराड़ी



