उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नर

देहरादून फिल्म फेस्टिवल 2 से 4 अक्टूबर को सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स में, एंट्री फ्री

देहरादून, 27 सितंबर, 26. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है. फिल्म फेस्टिवल का मुख्य आयोजन राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स में होगा. 3 अक्टूबर को तुलाज यूनिवर्सिटी में भी फिल्म फेस्टिवल से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. खास बात यह है कि इस बार फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई जाने-पहचाने चेहरे देहरादून पहुंच रहे हैं.

इस तीन दिवसीय आयोजन में देश और विदेश की कई फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी. इसके साथ ही मुंबई और उत्तराखंड से जुड़े फिल्म कलाकार, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी फेस्टिवल का हिस्सा बनेंगे. इस बार अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी, अभिनेता राजेश तैलंग, वरिष्ठ अभिनेता दीपक पराशर, मुकेश ऋषि, महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता, हेमंत पांडे हिस्सा लेंगे. टीवी कलाकार गौरी प्रधान तेजवानी, हितेन तेजवानी समेत कई कलाकारों के शामिल होने की भी जानकारी है.
राजेश शर्मा, डायरेक्टर, इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

तीन दिन तक चलेगा एंटरेटमेंट फेस्ट, एंट्री रहेगी फ्री
फिल्म फेस्टिवल में उत्तराखंड के नए कलाकारों को मंच देने पर भी खास जोर दिया गया है. इसके लिए ‘उत्तराखंड टैलेंट हंट’ का आयोजन किया जा रहा है. इसमें 6 साल से लेकर 40 साल तक की उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं. म्यूजिक, डांस, एक्टिंग और मिमिक्री समेत अलग-अलग विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. आयोजकों का कहना है कि इसका मकसद उत्तराखंड के उन कलाकारों को आगे लाना है, जिन्हें अभी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका नहीं मिला है. वहीं इस आयोजन में एंट्री पूरी तरह से फ्री रहने वाली है.

फिल्म फेस्टिवल में उत्तराखंड की कई फिल्में भी शामिल
राजेश शर्मा के मुताबिक, इस बार फिल्म फेस्टिवल के लिए करीब 600 फिल्मों की एंट्री प्राप्त हुई थी. इनमें से जूरी सदस्यों ने करीब 55 फिल्मों का चयन किया है. चयनित फिल्मों में उत्तराखंड में बनी और शूट हुई कई फिल्में भी शामिल हैं. इनमें उत्तराखंड के स्थानीय प्रोड्यूसर और डायरेक्टर से जुड़ी फिल्में भी हैं. इन फिल्मों की स्क्रीनिंग तीनों दिनों के दौरान अलग-अलग स्लॉट में की जाएगी.

दृष्टिबाधित छात्रों के लिए विशेष डब फ़िल्म का आयोजन
फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों के साथ-साथ कलाकारों से बातचीत और टॉक शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. आयोजकों के मुताबिक, तीनों दिन सुबह करीब 10 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग फिल्मों की स्क्रीनिंग और दूसरे कार्यक्रम चलेंगे. सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स के साथ तुलाज यूनिवर्सिटी में भी दर्शकों को फिल्मों और कलाकारों से जुड़े कार्यक्रम देखने का मौका मिलेगा.

दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन
इस बार फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत एक खास स्क्रीनिंग से होगी. आयोजकों ने दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया है. शुक्रवार सुबह 10 बजे ‘जॉली एलएलबी 3’ की स्पेशल डब्ड स्क्रीनिंग रखी गई है. इसका उद्देश्य ऐसे दर्शकों को भी फिल्म देखने का अनुभव देना है, जो सामान्य तरीके से फिल्मों को नहीं देख पाते. फेस्टिवल डायरेक्टर राजेश शर्मा ने बताया फिल्म को विशेष रूप से दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए डब किया गया है.

फेस्टिवल डायरेक्टर ने कहा कि उत्तराखंड शासन, फिल्म विकास परिषद और मुख्यमंत्री की ओर से शुरुआत से ही फिल्म फेस्टिवल को सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है. उन्होंने हाल ही में सरकार की ओर से कलाकारों के लिए घोषित पुरस्कारों को भी महत्वपूर्ण कदम बताया. उनका कहना है कि इससे उत्तराखंड के स्थानीय और कम पहचाने जाने वाले कलाकारों को अपनी मेहनत और उपलब्धियों को सामने रखने का मौका मिलेगा.

Related Articles

Back to top button