उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिक

सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से की बात, लेकिन मीका सिंह माफी मंगवाने पर अड़े, बुरे फंसे सुबोध उनियाल

देहरादून, 23 अक्टूबर, 26. सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक इन दिनों दलेर मेहंदी विवाद छाया हुआ है. बॉलीवुड की हस्तियां दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर चुकी हैं. वहीं, इस मामले को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी गंभीर हैं. सीएम धामी ने आज इस मामले में खुद मोर्चा संभाला.

आज एक बार फिर सीएम धामी ने पंजाबी पॉप सिंगर दलेर मेहंदी से बात की. सीएम धामी ने दलेर मेहंदी को फोन कर उनका हालचाल जाना. साथ ही सीएम धामी ने इन दिनों चल रहे विवाद को लेकर विस्तार से चर्चा की.

सीएम धामी ने कहा देवभूमि उत्तराखण्ड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है. हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है. यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है. हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए.

इससे पहले बीते रोज सीएम धामी ने लोगों से इस मुद्दे को तूल न देने की अपील की थी. साथ ही उन्होंने इस मामले में सिंगर दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बात करने की बात कही थी. बीती शाम को ही उत्तराखंड सीएम ने दलेर मेहंदी विवाद को लेकर मीका सिंह से बात की थी. जिसमें उन्होंने इस विवाद को लेकर विस्तार से चर्चा की थी. उसके बाद आज सुबह सिंगर मीका सिंह ने इसे लेकर पोस्ट किया. पोस्ट में मीका सिंह ने उत्तराखंड सीएम की जमकर तारीफ की.

मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का बहुत सम्मान करता हूं. उन्होंने दलेर भाई से जुड़े मामले को लेकर मुझे खुद फोन किया. मैं उनके इस कदम की दिल से सराहना करता हूं. मैं धामी साहब को बहुत अच्छे से जानता हूं. वे एक विनम्र और जमीन से जुड़े इंसान हैं, और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं. मेरी उनसे बस एक विनम्र प्रार्थना है कि वे सुबोध उनियाल से कहें कि वे एक छोटा सा वीडियो बनाकर अपने बयान को स्पष्ट करें और दलेर भाई से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने कहा था कि परफॉरमेंस के दौरान दलेर भाई नशे में थे.
-मीका सिंह, सिंगर

इतना ही नहीं मीका सिंह ने कहा गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें शालीनता से सुलझाया भी जा सकता है. मुझे उम्मीद है कि इस कदम से यह मामला खत्म हो जाएगा और दलेर भाई के सम्मान और प्रतिष्ठा का पूरा ख्याल रखा जाएगा. मुझे धामी साहब की समझदारी और नेतृत्व पर पूरा भरोसा है.

बता दें दलेर मेहंदी विवाद नरेंद्रनगर से शुरु हुआ. नरेंद्रनगर के सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा ये मामला है. यहां पॉप स्टार दलेर मेहंदी लाइव कंसर्ट कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने बैकग्राउंड साउंड ट्रैक (डबिंग) का सहारा लिया. जिससे स्थानीय जनता भड़क गई. इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल खुद मंच पर पहुंचे. उन्होंने सीधे दलेर मेहंदी के सामने अपनी तीखी नाराजगी व्यक्त की थी.

Related Articles

Back to top button