हरक सिंह रावत ने हरकी पैड़ी पर लिया न्याय का संकल्प, कांग्रेस का अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी

हरिद्वार, 23 अक्टूबर, 26. विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तराखंड में न्याय यात्रा निकाल रही है. यह न्याय यात्रा हरिद्वार जिले में भी शुरू हो गई है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत हरिद्वार पहुंचे. उन्होंने गंगा पूजन के साथ न्याय यात्रा की शुरुआत की.
हरक सिंह रावत समेत सभी कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया. पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. जब तक न्याय नहीं मिलेगा कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करती रहेगी. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में शुक्रवार को हरिद्वार में उत्तराखंड न्याय यात्रा निकाली गई. हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना के बाद यात्रा कोतवाली के सामने स्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद पार्क पहुंची. हरक सिंह रावत ने पार्क में जनसभा को संबोधित किया.
हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं उन्हें भाजपा शीर्ष पदों पर बैठा रही है लेकिन भाजपा सरकार जनता के सवालों से बच नहीं सकती. कांग्रेस अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाएं मिलनी चाहिए.
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने पहले हरिद्वार विधानसभा में हर की पैड़ी से शहीद पार्क तक न्याय यात्रा निकाली. शाम को हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में न्याय यात्रा पहुंची. जगजीतपुर में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, विधायक फुरकान अहमद और कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत समेत कई कांग्रेसियों ने हरक सिंह रावत का फूलमाला और आतिशबाजी से स्वागत किया.
कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि 2027 में उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के साथ न्याय करेगी. भाजपा सरकार की विदाई करेगी. कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने कहा जब तक अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय नहीं मिलता तब तक कांग्रेस विरोध करती रहेगी. उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी से लेकर सभी कार्यकर्ता अंकिता भंडारी के परिजनों के साथ है.



