
हरिद्वार, 24 अक्टूबर, 26. धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है. जहां परिवहन विभाग हरिद्वार में कई सालों बाद सिटी बसें चलाएगा, वहीं नगर निगम प्रशासन ने भी गोल्फ कार्ट वाहन चलाने की कवायद शुरू कर दी है. पहले चरण में 20 गोल्फ कार्ट चलाने की योजना है. इनका संचालन पोस्ट ऑफिस तिराहे से हरकी पैड़ी होते हुए भीमगोड़ा तक किया जाएगा. इस रूट के लिए प्रति यात्री 20 रुपए किराया निर्धारित किया गया है. योजना शुरू होने से खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और पैदल चलने में परेशानी महसूस करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है.
हरिद्वार में रोजाना करीब 20 हजार श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान, अस्थि विसर्जन और अन्य पूजा अर्चना करने पहुंचते हैं. करीब तीन साल पहले पोस्ट ऑफिस से भीमगोड़ा तक जाने वाली सड़क को जीरो जोन घोषित कर दिया था. यहां रिक्शा, कार और बस जैसे वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया था. जीरो जोन होने के बाद बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से उतरकर हरकी पैड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मजबूरी में उन्हें करीब दो किलोमीटर की दूरी पैदल ही तय करनी पड़ती है. वाहनों के जाम के कारण यह जीरो जोन बनाया गया, लेकिन इससे बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाओं को दिक्कत उठानी पड़ रही है.
नगर निगम की इस योजना को गंगा सारथी गोल्फ कार्ट सेवा के नाम दिया गया है. उत्तराखंड सरकार की ई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है. मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक श्रद्धालुओं के परिवहन के लिए गोल्फ कार्ट के संचालन की योजना है.
पोस्ट आफिस तिराहे से भीमगौड़ा बैरियर तक रहता है जीरो जोन
बता दें कि, हरिद्वार के हरकी पैड़ी, अपर रोड और आसपास के बाजारों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. स्नान पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां भीड़ और आवाजाही का दबाव बढ़ जाता है. पोस्ट ऑफिस तिराहे से भीमगोड़ा बैरियर तक के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो जोन निर्धारित किया गया है. यहां सामान्य सवारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को कई बार लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है. नगर निगम की इस योजना को जल्द धरातल पर देखा जाएगा. गोल्फ कार्ट के संचालन के लिए नगर निगम की भूमि पर चार्जिंग प्वाइंट बनाया गया है. योजना के तहत स्थानीय लोगों को रोजगार देने की भी तैयारी है. इलेक्ट्रिकल वाहन चलने वाले इन वाहनों से प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने के लिए गोल्फ कार्ट चलाए जाएंगे. पहले चरण में पोस्ट ऑफिस से लेकर हरकी पैड़ी और हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा तक गोल्फ कार्ट चलाने की योजना बनाई गई है. टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और नगर निगम की भूमि पर चार्जिंग स्टेशन भी तैयार हो गया है. जल्द ही जीरो जोन में 20 गोल्फ कार्ट वाहन चलेंगे. इससे श्रद्धालुओं को कम किराए में अच्छी परिवहन सुविधा मिलेगी और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी.
-नंदन कुमार, मुख्य नगर आयुक्त



