
हरिद्वार, 27 अक्टूबर, 26. कनखल कोतवाली क्षेत्र के बैरागी कैंप में देर शाम गंगा में बोलेरो धो रहे बोलेरो वाहन समेत तीन लोग बह गए. सूचना मिलते ही कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया. अभियान के तहत दो युवकों को सुरक्षित गंगा से बाहर निकाल लिया गया. जबकि, बोलेरो वाहन के चालक का कोई पता नहीं चल सका. देर रात में लापता चालक की तलाश में टीमें जुटी रही.
एसडीआरएफ ने दो लोगों को बचाया, ड्राइवर का पता नहीं
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर यानी मंगलवार की शाम बैरागी कैंप में कुंभ मेले के कार्य में लगे मजदूरों और कर्मचारियों ने गंगा में एक वाहन बहने की सूचना दी. घटना बैरागी कैंप के पास बड़े टापू के सामने की है. सूचना पर पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद नदी में बह रहे दो युवकों को बाहर निकाल लिया गया.
बोलेरो गाड़ी धोने के लिए गंगा में उतरे थे तीनों लोग
पूछताछ में पता चला कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (उम्र 38 वर्ष) निवासी सिमलखेत, चौखुटिया, चमोली के सोनप्रयाग से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था. सवारियों को छोड़ने के बाद वो दो युवकों हिमांशु रावत पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत (उम्र 23 वर्ष) निवासी ग्राम आगर चट्टीथाना गैरसैण (चमोली) और राकेश सिंह पुत्र सरोप सिंह (उम्र 28 वर्ष) निवासी चमोली के साथ बोलेरो धोने के लिए गंगा में उतरा था.
दो युवकों को बचाया गया, लेकिन बोलेरो चालक चल रहा लापता
इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से तीनों वाहन समेत बहने लगे. दोनों युवकों को बचा लिया गया, लेकिन चालक पुष्कर सिंह लापता है. फिलहाल, कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने गंगा में खोजबीन कर रही है. अंधेरा होने की वजह से परेशानी आ रही है.
सूचना ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. जल पुलिस की मदद से दो लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन चालक का कुछ पता नहीं चल पाया. लापता चालक के परिजनों को सूचना दी गई है. रात के समय भी गंगा में चालक की तलाश जारी है. दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार दिया गया है.
-देवेंद्र सिंह रावत, कनखल कोतवाली प्रभारी



