भारत ने हॉकी में आखिरी मौके पर जापान को 4-1 से हराकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर छठी बार किया कब्जा

मोहाली, 5 नवम्बर, 26. भारत ने जालंधर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी का फाइनल जापान को 4-1 से हराकर जीत लिया. यह भारत का लगातार तीसरा और कुल छठा खिताब है. जापान ने तीसरे मिनट में मात्सुमोतो के गोल से बढ़त ली थी. पहले दो क्वार्टर में मुकाबला कड़ा रहा. दूसरे हाफ में शिलानंद लाकड़ा ने 42वें मिनट में बराबरी की. दिलप्रीत सिंह ने 48वें, जुगराज ने 53वें और विवेक सागर प्रसाद ने 54वें मिनट में गोल किए. हार्दिक सिंह ने अपना 200वां मैच खेला. भारत पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा और उसने लीग दौर में भी जापान को 4-1 से हराया था.
फाइनल ओलंपियन बलबीर सिंह स्टेडियम में खचाखच भरे दर्शकों के सामने खेला गया. भारत ने राउंड रॉबिन दौर में ओलंपियन सुरजीत सिंह स्टेडियम में जापान को 4-1 से हराया था. फाइनल में कजुमासा मात्सुमोतो ने तोमाहॉक शॉट से गोल करके भारत को चौंका दिया. इसके बाद भारत को कुछ मौके मिले, पर फिनिशिंग की कमी दिखी.
पहले दो क्वार्टर में जापान ने कड़ी टक्कर दी. 20वें मिनट में उसे लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, पर भारतीय डिफेंस ने जापानी कप्तान राइकी फुजिशिमा को गोल नहीं करने दिया. अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे उप कप्तान हार्दिक सिंह मिडफील्ड में छाए रहे. जरमनप्रीत सिंह डिफेंस में दीवार की तरह डटे रहे.
ब्रेक के बाद भारत नए इरादे से उतरा. 33वें मिनट में पहले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह की फ्लिक को जापानी गोलकीपर किशो कुरोडा ने रोक लिया. 39वें मिनट में जापान को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, पर शोटा यामादा गोल नहीं कर सके. 42वें मिनट में भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और आदित्य अर्जुन लालागे के पास पर शिलानंद लाकड़ा ने रिबाउंड से गोल करके 1-1 कर दिया.
भारत ने आखिरी क्वार्टर में पलटा मैच
इस मैच में जापान ने तीसरे ही मिनट में बढ़त बना ली थी और यह बढ़त 42वें मिनट तक कायम रही। तीसरे क्वार्टर के अंत में शिलानंद ने गोल कर भारत को बराबरी दिलाई। इसके बाद चौथे क्वार्टर में टीम इंडिया ने लय पकड़ी। 7 मिनट के अंदर 3 गोल कर टीम इंडिया ने जापान को मैच से बाहर कर दिया और जीत पक्की कर ली। भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में इस टूर्नामेंट में उतरी थी और खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।
अजेय रही टीम इंडिया
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए जीत हासिल की। भारत ने अपने सभी 7 मैच जीते और इस दौरान भारत के खिलाफ कुल 7 ही गोल हुए। वहीं, भारतीय टीम ने कुल 46 गोल दागे। भारत ने सेमीफाइनल मैच में दक्षिण कोरिया को 8-1 के अंतर से हराया था। भारतीय टीम कुल 7 बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और 6 बार खिताब जीता है, जबकि एक बार उसे फाइनल में हार झेलनी पड़ी है।



