उत्तराखंडयूथ कार्नरशिक्षास्वास्थ्य

मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना में आर्थिक रूप से कमजोर 6 हजार बच्चों को हर महीने मिलेंगे तीन हजार

देहरादून, 12 नवम्बर, 26. प्रदेश सरकार जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना शुरू करने करने जा रही है। प्रस्तावित इस योजना को एक दिसंबर से शुरू किया जा सकता है। जिसके तहत पात्र बच्चों को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रदेश के करीब छह हजार बच्चे इस योजना से लाभान्वित होंगे।

दरअसल, केंद्र सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से योजना में पात्र लाभार्थियों की संख्या सीमित कर दी गई है। इसके चलते प्रदेश के कई जरूरतमंद बच्चे इस योजना का लाभ पाने से वंचित हो रहे हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने योजना शुरू करने की पहल की है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग निदेशक बीएल राणा ने बताया कि केंद्र की स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पिछले साल तक राज्य में 2600 बच्चों को लाभ दिया जा रहा था, राज्य की ओर से संख्या बढ़ाकर चार हजार बच्चों का प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से इसकी संख्या 1631 कर दी गई है।

स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बच्चों की संख्या सीमित कर 1631 कर दी गई है, जबकि पहले इससे अधिक बच्चों को योजना का लाभ दिया जा रहा था। मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना का प्रस्ताव अभी वित्त विभाग को मंजूरी के लिए भेजा गया है, जिसे जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा।
– रेखा आर्या, मंत्री महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास

Related Articles

Back to top button