हरिद्वार में बोले राजनाथ राष्ट्रहित सर्वोपरि, सत्ता रहे या चली जाये, सैनिक परिवारों के साथ सरकार खड़ी

हरिद्वार, 22 नवम्बर, 26. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तराखंड दौरे पर रहे. इस दौरान राजनाथ सिंह ने हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया. अपने संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह ने भाजपा नेताओं में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जोश भरने का काम किया. कार्य समिति की बैठक के समापन अवसर पर राजनाथ सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया.
सैन्य परिवारों के साथ खड़ी सरकार
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल ने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। यहां का बच्चा-बच्चा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखता है। प्रदेश सरकार ने बलिदानी सैनिकों के परिवारीजनों को दी जाने वाली सहायता राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है। परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सैनिकों और उनके परिवारों के साथ सरकार के खड़े होने का संदेश है। उन्होंने देहरादून में बन रहे सैन्य धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस निर्माण से सैनिकों के सम्मान और उनके बलिदान को अमर बनाया जा सकेगा।
राष्ट्रहित सर्वोपरि…सत्ता रहे या चली जाए
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का भी उल्लेख किया। राजा भरत की तपस्या और इसी भूमि पर मां गंगा को पृथ्वी पर लाने की पौराणिक मान्यता का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित और जनहित सर्वोपरि हैं। सत्ता रहे या चली जाए, इन दोनों विषयों पर पार्टी समझौता नहीं करेगी। उन्होंने संगठन की एकता, विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के विश्वास को बनाए रखने का आह्वान किया।
राजनाथ सिंह के कार्यकर्ताओं को नौ मंत्र
1. संगठन सर्वोपरि रखें। 2. जनता के भरोसे पर खरे उतरें। 3. डिजिटल जनसंपर्क बढ़ाएं। 4. व्यक्तिगत हमलों से बचें। 5. युवाओं को संगठन से जोड़ें। 6. आरोपों का जवाब तथ्यों से दें। 7. सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं। 8. नैतिकता और अनुशासन अपनाएं। 9. संगठन की एकजुटता बनाए रखें।
उत्तराखंड बीजेपी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में पार्टी संगठन और धामी सरकार के कामकाज की सराहना भी की. उन्होंने कहा उत्तराखंड में केंद्र और राज्य सरकार का कमल कमाल कर रहा है. यहां भाजपा संगठन देवदार के पेड़ की तरह मजबूती से खड़ा है. इस वृक्ष को कोई ताकत न उखाड़ सकती है और न ही हिला सकती है.
सैनिकों के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण कराते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सांगठनिक प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच उतरने का संदेश दिया। भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार हिमालय की तरह अडिग है, जिस तरह हिमालय को कोई हिला नहीं सकता और मां गंगा की धार को कोई रोक नहीं सकता, उसी तरह जनता के दम पर भाजपा की सरकार को तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में आने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
राजनाथ सिंह ने कहा बीजेपी ने शार्टकट से सत्ता हासिल नहीं की है. इसके लिए बीजेपी के कार्यकर्ता ने मेहनत की है. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि ये पार्टियां जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज में दीवारें खड़ी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा किसी अन्य पार्टी के पास अपनी राजनीतिक विचारधारा नहीं है. भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है.
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री के बारे में अनाप शनाप और अमर्यादित बयान देते रहते हैं, लेकिन भाजपा कभी उनकी अमर्यादित भाषा में जवाब नहीं देगी.
उन्होंने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में इटली के एक नेता ने भारत के लोकतंत्र का खुलेआम मजाक उड़ाया, देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द का प्रयोग किया. उस दौरान राहुल गांधी ताली बजा रहे थे. राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीतिक रूप से अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है. जनता समझती है कि देश की सत्ता किसके हाथों में सौंपनी है.



