उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनशिक्षासामाजिक

कुंभ से पहले ज्वालापुर समेत हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू

हरिद्वार, 26 नवम्बर, 26. धर्मनगरी हरिद्वार में अब नगर निगम के पूरे क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लागू होगा. नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद तैयार की गई मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि 2026 को प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है. उपविधि प्रकाशित होने के बाद इसके प्रावधान पूरे नगर निगम क्षेत्र में प्रभावी हो जाएंगे. इसके साथ ही ज्वालापुर क्षेत्र के वे हिस्से भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जहां अभी तक मांस की दुकानों के संचालन की व्यवस्था बनी हुई थी.

दरअसल, धार्मिक स्थल होने के कारण बायलॉज है कि हरिद्वार में शराब और मांस पूरी तरह प्रतिबंधित है. शहर से दूर ज्वालापुर क्षेत्र में मांस की कई दुकानों संचालित होती हैं. लेकिन अब नगर निगम पूरे क्षेत्र में मांस को प्रतिबंध करने जा रहा है. नगर निगम की प्रस्तावित उपविधि में पूरे नगर निगम क्षेत्र में सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर रोक लगाने का प्रावधान है. कच्चे मांस का भंडारण कर उसे बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से मांस की डिलीवरी को भी प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नगर निगम कड़ी कार्रवाई करेगा.

उपविधि के अनुसार, पहली बार नियम तोड़ने पर संबंधित व्यक्ति पर 50 हजार रुपए और दूसरी बार उल्लंघन करने पर एक लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा. ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित मांस की डिलीवरी करने वाली कंपनियों के लिए पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपए तक के आर्थिक दंड का प्रावधान किया गया है. गंभीर स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकेगी. निगरानी की जिम्मेदारी नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक, प्रवर्तन दल और अन्य नामित अधिकारियों को दी जाएगी. ये अधिकारी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई कर सकेंगे.

सराय में 68 दुकानें तैयार, लाइसेंसधारी दुकानदार भी किए गए चिन्हित: पहले हरिद्वार नगर निगम में 30 वार्ड थे. लेकिन अब वॉर्डों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है. इसलिए पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस की दुकानें प्रतिबंध करने की योजना बनाई गई है. हालांकि नगर निगम ने मांस कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार की है. नगर निगम क्षेत्र से दूर निगम की भूमि पर सराय गांव के पास में 68 दुकानें बनाई गई हैं. इनमें बिजली, पानी और अन्य आवश्यक काम पूरा किए जाने के बाद दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है.

अप्रैल में नगर निगम बोर्ड ने शहर में संचालित कच्चे मांस की दुकानों को सराय में स्थानांतरित करने को मंजूरी दी थी. उस समय नगर निगम की ओर से 68 दुकानें तैयार होने की जानकारी दी गई थी. मौजूदा व्यवस्था के तहत हरकी पैड़ी के पांच किलोमीटर दायरे में मांस, मदिरा और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध से जुड़े पुराने प्रावधान मौजूद हैं. प्रस्तावित बदलाव के बाद कच्चे मांस की बिक्री को पूरे शहरी क्षेत्र से बाहर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है. हालांकि, नगर निगम के प्रस्ताव के समय दुकानों की संख्या और कारोबारियों के शिफ्ट को लेकर भी सवाल उठे थे. कई दुकानदार सराय जाने को तैयार नहीं थे.

मांस विक्रय प्रतिबंध से संबंधित उपविधि तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है. निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके प्रावधान नगर निगम के पूरे क्षेत्र में लागू होंगे. मीट कारोबारियों के लिए सराय में वैकल्पिक दुकानों की व्यवस्था की गई है और उनके आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उपविधि लागू होने के बाद ज्वालापुर के वे क्षेत्र भी इसके दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक प्रतिबंध से बाहर थे.
-नंदन कुमार, मुख्य नगर आयुक्त

Related Articles

Back to top button