सीएम योगी ने डेढ़ करोड़ श्रमिकों के खाते में डाले एक-एक हजार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश में संगठित और असंगठित क्षेत्र के डेढ़ करोड़ श्रमिकों को बड़ी राहत प्रदान की। लोकभवन में सीएम ने आज एक कार्यक्रम में श्रमिकों के बैंक खातों में भरण-पोषण भत्ते के रूप में 1000 रुपये की धनराशि आनलाइन ट्रांसफर की। कामगारों ने इसके लिए अपना रजिस्ट्रेशन पहले ही करा रखा था। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सात कामगारों को 1000 रुपये के चेक भी भेंट किए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केन्द्र की मोदी और प्रदेश की भाजपा सरकार ने मजदूरों के हितों के लिए पक्के आवास, शौचालय, मुफ्त रसोई गैस व बिजली कनेक्शन, दो लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा और पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर जैसी कई योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी संबोधित किया। इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, नगर विकास राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता, श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र और अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चंद्रा भी मौजूद थे।