उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिक

डाडामंडी के युवक की पोकलेन मशीन से हत्या करने का आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

यमकेश्वर, 10 जून। गुमखाल-सतपुली हाईवे पर पोकलेन मशीन से सुमन देवरानी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पोकलेन ऑपरेटर को यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद से फरार चल रहे ऑपरेटर प्रवीण सिंह बर्थवाल को पौड़ी पुलिस की टीम ने ताबड़तोड़ दबिश के बाद पकड़ा।

मलबा हटाने को लेकर हुई बहस में युवक को कुचल डाला था
7 जून की रात डाडामंडी निवासी सुमन देवरानी अपने साथी के साथ कार से सतपुली की ओर जा रहे थे। मल्ली सतपुली के पास सड़क कटिंग का कार्य चल रहा था। मलबा हटाने को लेकर पोकलेन ऑपरेटर प्रवीण सिंह से सुमन की कहासुनी हो गई। गुस्साए ऑपरेटर ने पोकलेन मशीन की बकेट से सुमन पर हमला कर दिया, जिससे सुमन की मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था
घटना के तुरंत बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह व सीओ सदर त्रिवेन्द्र सिंह राणा की निगरानी में थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, मैन्युअल इंटेलिजेंस और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। 9 जून की रात पुलिस ने आरोपी प्रवीण सिंह बर्थवाल को यमुनानगर (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि पौड़ी-सतपुली-कोटद्वार नेशनल हाईवे पर मल्ली सतपुली के पास शनिवार रात को सड़क खोलने को लेकर मामूली विवाद के बाद आरोपी पौकलैंड चालक प्रवीण सिंह बर्थवाल ने डाडामंडी दुगड्डा निवासी सुमन देवरानी को मशीन के अगले हिस्से (बक्केट) से मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी की पहचान प्रवीण सिंह बर्थवाल पुत्र जसपाल सिंह ग्राम चुनार मारवाड़ी, जोशीमठ चमोली के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button