
यमकेश्वर, 17 जुलाई। कांवड़ यात्रा में धीरे-धीरे कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। दोपहिया वाहनों से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री पहुंच रहे हैं। गुरुवार को पंचक खत्म होने के बाद अब शुक्रवार से कांवड़ यात्रियों की संख्या में तेजी आएगी। वहीं, गुरुवार को करीब 3.88 लाख कांवड़ यात्रियों ने नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
11 जुलाई से ही पहुंच रहे हैं कांवड़ यात्री
11 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हुई थी। कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही पैदल कांवड़ यात्री पहुंचना शुरू हो गए थे। अभी भी पैदल कांवड़ यात्री पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही दोपहिया सवार कांवड़ यात्रियों के आने का सिलसिला भी तेज हो गया है। गुरुवार को पंचक भी खत्म हो गए।
अब शुरू होगा डाक कांवड़ियों का आने का सिलसिला
अब डाक कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने का अनुमान है। 23 जुलाई को शिवरात्रि तक डाक कांवड़ यात्री पहुंचेंगे। वहीं, नीलकंठ महादेव मंदिर जाने के पैदल मार्ग पर लगातार कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल ने बताया कि गुरुवार को शाम छह बजे तक 3.88 लाख कांवड़ यात्रियों ने नीलकंठ में जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक यह संख्या 21.74 लाख है। बताया कि डाक कांवड़ यात्रियों के आने को लेकर व्यवस्था बनाई गई है।