12वीं गढ़वाल राइफल्स के हवलदार वीरेंद्र को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, खाई में गिरने से हो गई थी मौत

चमोली, 25 जुलाई। चौड़ गांव निवासी सैनिक वीरेंद्र सिंह का शुक्रवार को उनके पैतृक घाट बोरागाड़ में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार रात को वीरेंद्र सिंह की खाई में गिरने से मौत हो गई थी। वीरेंद्र सिंह लैंसडौन में 12वीं गढ़वाल राइफल्स में हवलदार के पद पर सेवारत थे। उनकी अचानक हुई मौत से चौड़ गांव में मातम छाया है।
वर्ष 2009 में सेना में भर्ती हुए वीरेंद्र सिंह मंगलवार को अपने परिवार के साथ अपने गांव पहुंचे थे। बुधवार की रात को घर के पास पैर फिसलने से उनकी मौत हो गयी। बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को सैनिक का पार्थिव शरीर दोपहर एक बजे चौड़ गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को पैतृक घाट ले जाया गया।
रुद्रप्रयाग से मेजर अक्षय सैनी के साथ पहुंची सेना की टीम ने अंतिम सलामी दी। साथ ही यहां पहुंचे सैकड़ों लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। वीरेंद्र सिंह अपने पीछे मां, पिता, पत्नी, भाई व दो बच्चों को छोड़कर चले गए। वीरेंद्र की मां व पत्नी इस मौत से बार बार मूर्छित हो रही थी। अंतिम संस्कार में तहसीलदार अक्षय पंकज, एसओ पंकज कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।