
हरिद्वार, 18 दिसम्बर। पुलिस मॉडर्न स्कूल के नवीनीकरण के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे खंड शिक्षा अधिकारी और एक बीआरसी (शिक्षक) को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल राठौर की पत्नी देहरादून में पुलिस क्षेत्राधिकारी के तौर पर तैनात हैं। कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता का नवीनीकरण किया जाना था। आरोप है कि नवीनीकरण की एवज में खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल राठौर की ओर से 20 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। खंड विकास अधिकारी का करीबी ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश ये डील कर रहा था।
पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रिंसिपल ने इस संबंध में आला अधिकारियों को अवगत कराया। जिसके बाद विजिलेंस सक्रिय हो गई। गुरुवार को देहरादून विजिलेंस की एक टीम ने हरिद्वार पहुंचकर आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर और ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्लॉक रिसोर्स पर्सन के तौर पर तैनात मुकेश कुमार श्यामपुर की सरकारी स्कूल का प्रधानाध्यापक भी है।
विजिलेंस टीम दोनों को गिरफ्तार कर देहरादून ले जा रही है। आरोपित बृजपाल सिंह राठौर की पत्नी रीना राठौर पुलिस उपाधीक्षक हैं और देहरादून में पुलिस क्षेत्राधिकारी के तौर पर तैनात हैं।



