
पौड़ी, 1 अक्टूबर, 26. किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने और पहाड़ी क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी जिले में मंडुआ मिशन योजना के तहत 1 अक्टूबर से मिलेट्स खरीद अभियान शुरू हो गया है। जनपद में बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से 17 क्रय केंद्रों पर किसानों से मंडुआ सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी।
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाएं और पारदर्शिता बनाए रखने के दिये निर्देश
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराकर सरकार द्वारा निर्धारित खरीद मूल्य का लाभ उठाने की अपील की है।
250 केंद्रों प होगी मंडुवा, झंगोरा, चौलाई की खरीद
इस वर्ष प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से मंडुआ, झंगोरा, दालें, तिलहन, चौलाई सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में किसानों से सीधे उपज खरीदी जाएगी। वहीं, अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर यूसीएफ हाट के माध्यम से की जाएगी।
मंडुआ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5205 रु. प्रति क्विं. निर्धारित
वर्ष 2026-27 के लिए मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष निर्धारित 4,886 रुपये प्रति क्विंटल की तुलना में 319 रुपये अधिक है। वर्ष 2025-26 में जनपद पौड़ी के 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से 831 किसानों से 10,941 क्विंटल मंडुवा की खरीद की गई थी। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से क्रय केंद्रों पर मंडुवा उपलब्ध कराने वाले स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य समूहों को 150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि भी दी गई।
जनपद में मंडुवा खरीद के लिए 17 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसानों की सुविधा, उपज की उपलब्धता और आवश्यकता के अनुसार भविष्य में क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज उपलब्ध कराने की अपील की है।
सुमन कुमार, सहकारिता निबंधक



