उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शन करने वाले NCC कैडेट्स को राज्यपाल ने किया सम्मानित

देहरादून, 3 फरवरी। राज्यपाल ले जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने मंगलवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया। इस वर्ष उत्तराखंड के 172 कैडेट्स ने नई दिल्ली के कर्तव्यपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड और उससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। गर्ल कैडेट मानसी विश्वकर्मा ने परेड में गर्ल्स कंटिंजेंट का नेतृत्व किया, जबकि प्रिंस सिंह राणा को ड्रोन प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रक्षा मंत्री पदक से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त 28 जनवरी को दिल्ली कैंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री रैली में कैडेट्स ने भाग लिया, जिसमें सीनियर अंडर आफिसर कैडेट उत्कर्ष शर्मा ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई। राज्यपाल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिविर और गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेना अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह अनुभव कैडेट्स को आत्मविश्वास के साथ देश और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मानसी विश्वकर्मा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्यपथ पर नेतृत्व कर यह साबित किया कि आज की भारतीय नारी केवल सहभागिता नहीं, बल्कि नेतृत्व भी कर रही है। वहीं, प्रिंस सिंह राणा की उपलब्धि को उन्होंने भविष्य की युद्ध तकनीक और 21वीं सदी की सुरक्षा चुनौतियों के लिए युवाओं की तैयारी का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड की वाइब्रेंट विलेज झांकी और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बैंड ने पहली बार भाग लिया। बैंड ने अनुशासन और समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य और लोक भवन में स्थापित ड्रोन व वाईएएमएस (युवा आपदा मित्र योजना) स्टाल ने उनकी बहुआयामी प्रतिभा और नवाचार को प्रदर्शित किया।
राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी गतिविधियां चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा में उत्कृष्ट योगदान की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, एनसीसी निदेशालय के एडीजी मेजर जनरल समीर भल्ला, एनसीसी मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर विकास ढींगरा, नेवल विंग के ग्रुप कमांडर कमोडोर बीआर सिंह, एनसीसी मुख्यालय के कंटिन्जेंट कमांडर लेफ्टिनेंट भास्कर विजय टी, प्रथम उत्तराखंड एनसीसी एयर विंग के कमान अधिकारी ग्रुप कैप्टन विवेक रावत, प्रथम उत्तराखंड एनसीसी बीएन के कमान अधिकारी कर्नल राजेश रावत, डिप्टी ग्रुप कमांडर एनसीसी जीपी मुख्यालय कर्नल जीसी लोहानी, कर्नल मनोज सोंझ, कर्नल दीपेंद्र, कर्नल आदित्य पाल, कर्नल दीपक पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल रश्मी गौतम सहित एनसीसी के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडेट्स मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button