श्रीलंका से हारकर ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप सफर लगभग खत्म, श्रीलंका सुपर-8 में

स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में सोमवार को ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेले गए मैच में सहमेजबान श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंद डाला. इस जीत के साथ ही जहां श्रीलंका ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का सुपर-8 में पहुंचने का सपना लगभग चूर हो गया है. यानी ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप सफर भी खत्म हो गया है. इस मैच में खास बात ये भी रही की इसमें विश्वकप 2026 का पहला शतक भी आया. ये सेंचुरी पथुम निसांका के बल्ले से आई. जिन्होंने 52 गेंदों में नाबाद शतक जड़ा.
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. ऑस्ट्रेलिया ने 182 रनों का लक्ष्य श्रीलंका के सामने रखा था. जिसे श्रीलंका ने 18 ओवर में चेज कर लिया. बता दें कि इससे पहले जिम्बॉब्वे ने भी ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी.
182 के जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में कुसल परेरा अपना विकेट गंवा बैठे. परेरा ने केवल एक रन बनाया. लेकिन इसके बाद पथुम निसांका और कुसल मेंडिस के बीच शानदार साझेदारी हुई. दोनों ने शतकीय साझेदारी की. दूसरा विकेट 13वें ओवर में गिरा जब मेंडिस 105 के स्कोर पर आउट हुए. मेंडिस ने 38 गेंदों में 51 रन बनाए. लेकिन परेरा जमे रहे. उन्होंने नाबाद शतक जड़ा और श्रीलंका को जीत दिला दी. अपनी पारी में निसांका ने 10 चौके और 5 छक्के जड़े.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद शानदार रही. पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श के बीच शतकीय साझेदारी हुई. पहला झटका 104 के स्कोर पर 9वें ओवर में लगा. लेकिन इसके बाद फिर ऑस्ट्रेलिया की कलई खुल गई. और ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 181 रन ही बना सकी. ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने बनाए. हेड ने 56 रन बनाए तो मार्श के बल्ले से 54 रन आए.
अब जान ले अंक तालिका का हाल
ये दोनों टीमें ग्रुप बी का हिस्सा हैं. अबतक खेले गए मैच में श्रीलंका ने 3 में से 3 मैच जीते हैं और वह अंकतालिका में टॉप पर है. और श्रीलंका ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई भी कर लिया है. जबकि दूसरे नंबर पर जिम्बॉब्वे है जिसने भी अपने दोनों मैच जीते हैं. जिम्बॉब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को भी मात दी है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया 3 में से एक ही मैच जीत सका है और तीसरे पायदान पर है. चौथे और पांचवें नंबर पर आयरलैंड और ओमान हैं.
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें क्यों लगभग खत्म
ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया के पास अब एक मैच बचा है. लेकिन जिम्बॉब्वे के पास 2 मैच है. अगर जिम्बॉब्वे अपने दो में से एक मैच भी जीतता है तो वह क्वालिफाई कर जाएगा क्योंकि उसके 6 अंक हो जाएंगे और उसका नेट रन रेट भी ऑस्ट्रेलिया से बेहतर है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पास एक मैच है और वह अगर जीतता है तो भी उसे दुआ करनी होगी की जिम्बॉब्वे अपने दोनों मैच बड़े अंतर से हारे. कुछ हफ्ते पहले तक ऑस्ट्रेलिया को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ हार ने ग्रुप बी का समीकरण पूरी तरह बदल दिया.
इंग्लैंड ने इटली को हराया
दूसरे मैच में इंग्लैंड ने इटली को हराकर सुपर 8 में क्वालीफाई कर लिया है. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए. जवाब में इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर ही ऑलआउट हो गई. मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले विल जैक्स को प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. जैक्स ने पहले 22 गेंद में नाबाद 53 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम का स्कोर 200 तक पहुंचाया और फिर गेंद से दो ओवर में एक विकेट भी हासिल किया.
अफगानिस्तान ने यूएई को हराया
इससे पहले खेले गए दिन के पहले मैच में अफगानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से मात दे दी. अफगानिस्तान ने 161 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में ही हासिल कर लिया. मैच में शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन करने वाले अजमत उल्ला उमरजई को प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. अजमत ने पहले गेंद से कमाल किया और 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके और फिर बैट से 21 गेंद में नाबाद 40 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई.



