दुनिया में इंस्टाग्राम पर मोदी के सबसे ज्यादा 10 करोड़ फॉलोवर्स, भारत में योगी दूसरे नंबर पर

नई दिल्ली, 26 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘इंस्टाग्राम’ पर 10 करोड़ फॉलोअर हो गए हैं। इसके साथ ही इस सोशल मीडिया मंच पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह विश्व के पहले नेता बन गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। पिछले एक दशक में उनका अकाउंट वैश्विक नेताओं के बीच सबसे अधिक सक्रिय डिजिटल मंच में से एक बन गया है। वैश्विक नेताओं में मोदी के ‘इंस्टाग्राम’ पर अब सबसे अधिक फॉलोअर हैं। उनके फॉलोअर की संख्या अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फॉलोअर से दोगुनी से भी अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि अगले पांच प्रमुख विश्व नेताओं के फॉलोअर की कुल संख्या भी मोदी के फॉलोअर की संख्या से कम है।
प्रधानमंत्री मोदी के 10 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स की संख्या इन सभी टॉप नेताओं के फॉलोअर्स से काफी अधिक है. यह दर्शाता है कि वे न केवल भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर भी डिजिटल युग में एक प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं.
भारत में योगी दूसरे नंबर पर, तीसरे नंबर पर राहुल गांधी
भारत में भी फॉलोअर की संख्या के मामले में अंतर काफी बड़ा है, क्योंकि इंस्टाग्राम पर मोदी अन्य भारतीय नेताओं से काफी आगे हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं जिनके लगभग 1.61 करोड़ फॉलोअर हैं, उनके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगभग 1.26 करोड़ फॉलोअर के साथ तीसरे स्थान पर हैं।



