‘डायरेक्ट टू मोबाइल’ तकनीक से बिना इंटरनेट के मोबाइल पर मिलेगी शिक्षा और मनोरंजन की जानकारी

देहरादून, 5 मार्च। अब बिना सिम और इंटरनेट के भी मोबाइल और टीवी पर फिल्में, मनोरंजन कार्यक्रम और शैक्षणिक सामग्री देखी जा सकेगी। इस नई तकनीक को बढ़ावा देने के लिए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप फ्रीस्ट्रीम के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने इसे शिक्षा और मनोरंजन के क्षेत्र में बड़ी तकनीकी छलांग बताया।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में यह एमओयू किया गया। फ्रीस्ट्रीम ने आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप के रूप में ‘डायरेक्ट टू मोबाइल’ तकनीक विकसित की है। इसके माध्यम से फ़िल्में, मनोरंजक कार्यक्रम, शिक्षण सामग्री, पाठ्यक्रम और कौशल आधारित माड्यूल सीधे मोबाइल और टीवी पर उपलब्ध होंगे।
इससे दूरस्थ और इंटरनेट विहीन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक पहुंच मिल सकेगी। इस अवसर पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि यह पहल ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बिना इंटरनेट और सिम के मोबाइल व टीवी पर शैक्षणिक और मनोरंजक कार्यक्रम उपलब्ध होने से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां इंटरनेट की सुविधा सीमित है या लोग डाटा पर खर्च नहीं कर सकते।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि देश में शोध कार्यों को बढ़ावा देकर नई तकनीकें विकसित की जा सकती हैं, जिससे विद्यार्थियों के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित होगा। ग्राफिक एरा की ओर से एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य और 5जी तकनीक विशेषज्ञ पराग नायक ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
उन्होंने कहा कि डायरेक्ट टू मोबाइल तकनीक पारंपरिक मोबाइल सिग्नल से बेहतर साबित होगी और दूरदराज के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। फ्रीस्ट्रीम की ओर से सीनियर एडवाइजर सीके जैन ने हस्ताक्षर किए और बताया कि इस पहल से लोगों को बेहतर कंटेंट तक पहुंच, नई तकनीक से जुड़ने और शिक्षा व मनोरंजन के अधिक अवसर मिलेंगे।
ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग सोसाइटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन सुनील ने कहा कि यह तकनीक सिम, डाटा और इंटरनेट पर निर्भर नहीं है और इंटरनेट से दूर इलाकों के छात्रों को शिक्षा और मनोरंजन से जोड़ने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डीआर गंगोडकर, डीन इंटरनेशनल कोलैबोरेशन डॉ. मांगेराम, डीन मैनेजमेंट डॉ. विशाल सागर और विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



