उत्तराखंडमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

गैरसैंण पहुंची सरकार, आज से बजट सत्र, पक्ष-विपक्ष के 600 से ज्यादा सवालों से गरमाएगा सदन

देहरादून, 8 मार्च। उत्तराखंड विधानसभा का पांच दिवसीय बजट सत्र सोमवार से गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू हो रहा। विस सत्र के लिए सरकार पिछले 13 साल में 11वीं बार पहाड़ चढ़ेगी। 2014 से अब तक राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में 10 बार विधानसभा सत्र हो चुके हैं।
राज्य आंदोलन के दौरान उत्तराखंड राज्य के साथ ही स्थायी राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) घोषित करना मुख्य मांग थी। आंदोलनकारियों का मानना था कि गैरसैंण भौगोलिक रूप से केंद्र में होने के कारण कुमाऊं और गढ़वाल दोनों क्षेत्रों के लिए सुलभ और विकासात्मक रूप से उपयुक्त राजधानी होगी, लेकिन गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित न कर उसे ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया। जहां 2014 से अब तक 10 बार विधानसभा सत्र हुए, लेकिन इसमें भी छह बार विधानसभा सत्र दो से तीन दिन चला।
गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में तब छह दिन चला विधानसभा सत्र
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में वर्ष 2018 में छह दिन विधान सभा सत्र चला। इसके अलावा 2021 में भी विधानसभा सत्र एक मार्च 2021 से छह मार्च 2021 तक छह दिन चला। जबकि वर्ष 2014 में तीन दिन, वर्ष 2015 में दो, वर्ष 2016 में दो, वर्ष 2017 में दो, वर्ष 2020 में पांच, 2023 में चार, वर्ष 2024 में तीन और वर्ष 2025 में दो दिन चला। विधानसभा सचिव हेम चंद्र पंत के मुताबिक वर्ष 2019 और 2022 में शून्य सत्र रहा।
बजट सत्र के लिए प्रदेश सरकार आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण समेत सभी मंत्री, विधायक, अधिकारी दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुंचे। विधानसभा भवन में सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार पक्ष-विपक्ष विधायकों के 600 प्रश्न सदन में गरमाएंगे। इसके अलावा सरकार की ओर से कई विधेयक, अध्यादेश, विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट सदन पटल पर रखा जाएगा। विधानसभा परिसर व आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए।
भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरूआत होगी। आज भराड़ीसैंण में ही कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सदन संचालन के लिए एजेंडा तय किया जाएगा। प्रदेश सरकार 10 मार्च को बजट पेश कर सकती है।

Related Articles

Back to top button