उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को  किया सम्मानित

Listen to this article

देहरादून, 14 मार्च। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कांफेडरेशन आफ वीमेन एंटरप्रेन्योर्स आफ इंडिया की ओर से आयोजित ‘महिला उद्यमीः उभरते सितारे सम्मान समारोह’ में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में खेल, उद्योग, कला, सामाजिक उद्यमिता और फिल्म जगत से जुड़ी कई महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में ओलिंपिक पदक विजेता मुक्केबाज मैरीकाम और अभिनेत्री व फिल्म निर्माता आरुषि निशंक, उद्योग क्षेत्र से अंजू आहूजा, सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र में कार्यरत निधि मित्तल बंसल, प्रसिद्ध कलाकार एवं शिक्षिका रूबल नागी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्य से जुड़ी शशि रतूड़ी सहित कई महिलाएं सम्मिलित हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तब संभव है जब उसके विकास में महिलाओं की सक्रिय और नेतृत्वकारी भूमिका हो। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं केवल परिवार और समाज की आधारशिला ही नहीं हैं, बल्कि आर्थिक विकास और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत शक्ति बनकर उभर रही हैं।

राज्यपाल ने उत्तराखंड की मातृशक्ति की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाएं कठिन परिस्थितियों में भी साहस, परिश्रम और नेतृत्व का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, कृषि, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से राज्य की महिलाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में मैरीकाम ने भी अपने जीवन संघर्षों और उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से अपने सपनों को पूरा करने के लिए निडर होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। आरुषि निशंक ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण प्रगतिशील और सतत भविष्य के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.तृप्ता ठाकुर, एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो भानू दुग्गल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अनेक महिलाएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button