
अल्मोड़ा 14 अप्रैल। आज 15 अप्रैल से पवन हंस कंपनी अल्मोड़ा-पंतनगर के बीच अपनी हवाई सेवा शुरू करने जा रही है। इससे अल्मोड़ा-पंतनगर की यात्रा सुलभ हो जाएगी। यह सेवा अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड से पंतनगर के बीच संचालित होगी। खास बात यह है कि इस यात्रा से न केवल जाम से छुटकारा मिलेगा बल्कि सड़क मार्ग से 5 घंटे का सफर 15 मिनट में तय हो जायेगा।
अल्मोड़ा से पंतनगर सड़क मार्ग से जाने पर करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है। जाम लगने पर और भी समय अधिक लगता है। बरसात के सीजन में क्वारब पर मलबा गिरने से सड़क बंद हो जाती है। इस कारण यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ता है। ऐसे में लोग समय पर गंतव्य पर नहीं पहुंच पाते हैं। लोगों को अब इस समस्या से राहत मिलने जा रही है। अल्मोड़ा से पंतनगर के बीच 15 अप्रैल से हवाई सेवा शुरू होगी। पवन हंस कंपनी का 13 सीटर हेलीकॉप्टर टाटिक हेलीपैड से उड़ान भरेगा। अल्मोड़ा से 15 मिनट में लोग पंतनगर पहुंच जाएंगे। अनुमानित किराया दो हजार से 3800 रुपये प्रति व्यक्ति के बीच रखा गया है।
सोमवार, शुक्रवार और शनिवार
सुबह 8:30 बजे देहरादून से उड़ान भरकर 9:25 बजे अल्मोड़ा, अल्मोड़ा से 9:30 बजे उड़ान भरकर 10 बजे पंतनगर पहुंचेगा।
पंतनगर से 10:30 बजे उड़ान भरकर 10:53 बजे नैनीताल फिर यहां से 10:58 बजे उड़कर 11:21 बजे पंतनगर पहुंचेगा।
पंतनगर से 11:51 उड़ान भरकर 12:21 बजे अल्मोडा पहुंचेगा। अल्मोड़ा से 12:26 बजे उड़कर 1:21 बजे देहरादून पहुंचेगा।
मंगलवार, बुधवार और वीरवार
यह सेवा देहरादून-अल्मोड़ा-पंतनगर रूट का हिस्सा है। हेलीकाप्टर सुबह दून के सहस्त्रधारा से 8:30 बजे उड़कर 9:25 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा। अल्मोड़ा से 9:30 बजे उड़ान भरकर 10 बजे पंतनगर पहुंचेगा। फिर पंतनगर से 10:30 बजे उड़ान भरकर 11 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा। अल्मोड़ा से 11.05 बजे उड़ान भरकर 12 बजे देहरादून पहुंचेगा।
पवन हंस हेली कंपनी पहाड़ में यातायात को सुगम बनाने के लिए हेली सेवा का विस्तार कर रही हैं। कंपनी अब अल्मोड़ा-पंतनगर के बीच नई हेली सेवा शुरू करने जा रहा है। इसकी तैयारियां करीब पूरी हो चुकी हैं।
डीपी आर्या, मैनेजर पवन हंस कंपनी
टिकट बुकिंग के लिए यात्री पवन हंस की आधिकारिक वेबसाइट या उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकारण UCADA के पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।



