
हरिद्वार, 21 अप्रैल। उत्तराखंड के हरिद्वार के रोडीबेलवाला स्थित दीनदयाल पार्किंग के पास एक फक्कड़ बाबा की हत्या से हड़कंप मच गया. अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े बाबा के सिर पर डंडे और पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. साथ ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार यानी 21 अप्रैल को दोपहर के समय कुलदीप नाम के एक शख्स ने पुलिस को एक सूचना दी. जिसमें बताया गया कि दीनदयाल पार्किंग के अंडरपास के ऊपर दोनों हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले बाबा के साथ एक नेपाली मूल का व्यक्ति मारपीट कर रहा था. जिसमें बाबा लहुलुहान होकर गिर गया है.
यह सूचना मिलते ही दरोगा नवीन सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जहां मौके पर करीब 40 से 45 वर्षीय अज्ञात बाबा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. उसके सिर और माथे पर गहरी चोटें थीं और खून बह रहा था. पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
उधर, हमलावर फरार होने में कामयाब रहा है. जिसकी पुलिस की ओर से गहनता से तलाश की जा रही है. पूछताछ में आमने आया कि बाबा और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के दौरान उस व्यक्ति ने बाबा पर जानलेवा कमला कर दिया, जिसमें बाबा को गंभीर चोटें आई और उसकी मौत हो गई.
बाबा कई दिनों से रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में रह रहा था. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है. मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं. अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. पोस्टमार्टम के बाद मौत की असली वजह भी पता चल जाएगी. फिलहाल, पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
-कुंदन सिंह राणा, नगर कोतवाली प्रभारी



