सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 में चमके पौड़ी के दिगंबर और मीनाक्षी, 113 किमी की मैराथन जीती

श्रीनगर गढ़वाल, 21 अप्रैल। भारतीय सेना और उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप में आयोजित ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’ के द्वितीय संस्करण का समापन गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में किया गया. उत्तराखंड की मीनाक्षी और दिगंबर ने क्रमश: महिला और पुरुष वर्ग में गोल्ड मेडल जीते. समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे. इसमें सेना के 100 जवानों और 200 अन्य धावकों ने हेलंग से उखीमठ तक की कठिन यात्रा पूरी की.
प्रतियोगिता में देशभर से 300 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सीमांत ग्रामीण क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना और पारंपरिक यात्रा मार्गों को पर्यटन से जोड़ना है. 113 किलोमीटर लंबी इस कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिता में देशभर से करीब 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. दुर्गम पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, धैर्य और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया.
बदरीनाथ से 16 अप्रैल को हुई थी शुरुआत
इस रोमांचक सफर की शुरुआत 16 अप्रैल को बदरीनाथ में आयोजित एक्सपो के साथ हुई. इसके बाद 17 अप्रैल को हेलंग से कलगोट, 18 अप्रैल को कलगोट से मंडल और 19 अप्रैल को मंडल से ऊखीमठ तक मैराथन के विभिन्न चरण आयोजित किए गए. चार दिनों तक चले इस चुनौतीपूर्ण आयोजन में प्रतिभागियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया
समापन समारोह गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित हुआ, जहां प्रतिभागियों के साथ गढ़वाल स्काउट्स के जवान और विश्वविद्यालय के छात्र भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. मुख्यमंत्री धामी द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.
16 अप्रैल को बदरीनाथ से शुरुआत, 17 अप्रैल को हेलंग से कलगोट 35 किलोमीटर. 18 अप्रैल को कलगोट से मंडल 39 किलोमीटर. 19 अप्रैल को मंडल से ऊखीमठ 39 किलोमीटर.
समापन समारोह में पहुंचे सीएम धामी
समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सीमावर्ती इलाकों में सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है, जिससे न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रणनीतिक दृष्टि से भी राज्य को नई गति मिली है. पौड़ी शहर के रांसी मैदान में लंबे समय से प्रशिक्षण ले रहे दो खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि के बाद दोनों खिलाड़ियों ने अपनी खुशी जाहिर की है.



