
देहरादून, 21 अप्रैल। राज्य के तीन स्पोर्ट्स कालेजों महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़, बालिका स्पोर्ट्स कालेज चंपावत में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। चंपावत में पहली बार प्रवेश होंगे। तीनों कॉलेजों के लिए दक्षता परीक्षा पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 तय की गई है।
स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई के मुताबिक राज्य के प्रमुख आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी एवं आइस स्पोर्ट्स जैसी विविध खेल विधाओं में प्रशिक्षण की व्यवस्था है।
बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत में पहली बार होंगे प्रवेश
इसी तरह हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं बॉक्सिंग एवं बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत में बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन व बॉक्सिंग की सुविधाएं हैं। आवासीय खेल विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
प्रवेश के लिए यह है आयु तथा जन्मतिथि
स्पोर्ट्स कालेज में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदक की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म तिथि 01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के मध्य)। उसका उत्तराखंड का मूल, स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल एवं खेल प्रवीणता के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं या वेबसाइट www.mpscollege.in से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए +91 1352788142 पर भी संपर्क किया जा सकता है।



