
पौड़ी, 22 अप्रैल। देश में प्रस्तावित 16वीं जनगणना को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में पुलिस कर्मियों को डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला की उपस्थिति में 110 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से जनगणना डेटा दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें लॉगिन एवं रजिस्ट्रेशन, यूनिक आईडी जनरेशन, ओटीपी आधारित सत्यापन, डेटा सुरक्षा एवं गोपनीयता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला ने स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए कहा कि इस बार जनगणना में पहली बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी कर्मियों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने और आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला ने बताया कि स्व-गणना प्रणाली पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और उपयोगकर्ता के अनुकूल है। इसमें रियल-टाइम डेटा एंट्री और वैलिडेशन सिस्टम की सुविधा है, जिससे त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहती है। साथ ही, सभी जानकारी सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहीत की जाती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।



