उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरस्वास्थ्य

हरिद्वार से अंतिम संस्कार कर लौट रहे लोगों का वाहन खाई में गिरने से 8 की मौत, राष्ट्रपति, पीएम ने जताया दुख

Listen to this article

टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ है. जहां एक सवारियों से भरा यूटिलिटी वाहन टिहरी के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर दुर्घटनग्रस्त हो गया है. हादसे में अभी तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. बताया जा रहा है कि सभी लोग हरिद्वार से अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे.

10 लोग सवार थे वाहन में
हादसे में 2 लोगों के घायल होने की भी सूचना है. यह सूचना भी आ रही है कि दुर्घटना में जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए गए लोग हरिद्वार गए थे, मृतकों में उसका बेटा भी शामिल बताया जा रहा है. मृतक की पहचान प्रेम लाल के रूप में हुई है. जिनके पिता संपत लाल का हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे. मौके पर पहुंची SDRF टीम ने घटनास्थल से 2 व्यक्तियों को रेस्क्यू किया है. वाहन में लगभग 10 लोग सवार बताए जा रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची. डीएम ने खुद मोर्चा संभाला. स्थनीय लोगों की मदद से मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया. जिसके बाद दो लोगों को रेस्क्यू किया गया है. टिहरी गढ़वाल के आपदा जिला प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों के मौत की पुष्टि की है. साथ ही 2 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है.

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से लोगों की मृत्यु होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति, भारत सरकार

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि दुखद है. मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है. ईश्वर करे कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड (PMNRF) की ओर से, जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे.
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री, भारत सरकार

जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें. जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं. बाबा केदार से घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. यह घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है. ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें औक शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

हमने यहां से एक टीम रवाना की थी, और तब से 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से दो घायल व्यक्ति यहां पहुंच चुके हैं. उनके पहुंचते ही उनका इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया. हमारे ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ और सर्जन भी देखभाल प्रदान करने के लिए मौके पर मौजूद हैं. मरीजों की हालत अभी स्थिर है. एक्स-रे और आवश्यक जांचें करने के बाद उन्हें विधिवत भर्ती कर लिया गया है और उनका संपूर्ण इलाज यहीं किया जा रहा है.
डॉ. अमित राय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल बौराड़ी

वाहन दुर्घटना पर एसडीएम घनसाली अल्केश नौडियाल ने कहा कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे. हरिद्वार से लौटते हुए दोपहर बाद 3 बजे करीब आगराखाल के पास इन्होंने खाना खाया था. इसके बाद चंबा- कौटी मार्ग पर नैल गांव के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. जिसमें 2 घायल हैं, जबकि 8 लोग मृतक हैं. सभी घनसाली के नैलचामी पट्टी के हैं. दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसमें एक के हाथ में प्लास्टर लगा है और दूसरा व्यक्ति खतरे से बाहर है. मृतकों के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई चल रही है.

मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा
पूरी घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है. साथ ही जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है.

हादसे में मृतकों की जानकारी
आशा लाल पुत्र असाडूं (उम्र 40 वर्ष), निवासी- ठेला, घनसाली, टिहरी
विजय लाल पुत्र मुरखुलिया (उम्र 36 वर्ष), निवासी- ठेला, घनसाली, टिहरी
प्रेम लाल पुत्र संपत लाल (उम्र 60 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
महावीर पुत्र विशुलाल (उम्र 60 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
शिव सिंह पुत्र पुष्कर सिंह (उम्र 35 वर्ष) निवासी- ग्राम होल्टा, घनसाली, टिहरी
सेहत लाल पुत्र गोपाल (उम्र 65 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
लक्ष्मण पुत्र मुखिलिया (उम्र 33 वर्ष), निवासी- चांजी, टिहरी गढ़वाल
अज्ञात

दुर्घटना में घायल
उत्तम पुत्र पुस्सू, उम्र 30, ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़
अंकित पुत्र आशा लाल, उम्र 22, ग्राम नेलचामी, घनसाली.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button