उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरसामाजिक

विवाहोपरांत मां चंद्रबदनी का आशीर्वाद लेकर लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, एक की मौत, कई घायल

Listen to this article

पौड़ी, 26 अप्रैल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में एक कार खाई में जा गिरी. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि, 5 अन्य लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि सभी मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए. एक हफ्ते पहले ही बेटे की शादी हुई थी, उसी खुशी में पूरा परिवार माता का आशीर्वाद लेकर लौट रहा था।

मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, पौड़ी जिले के कफलना गांव का एक परिवार कार से टिहरी में स्थित मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहा था. लौटते समय सबदरखाल और देवप्रयाग के बीच कुंडाधार से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार संख्या UK 12 G 5971 अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी.

बताया जा रहा है कि कार में कुल 6 लोग सवार थे. हादसे में सभी लोग घायल हो गए. जिनमें कफलना निवासी लक्ष्मण सिंह रावत गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल बागी (देवप्रयाग) पहुंचाया गया.

लक्ष्मण सिंह रावत ने तोड़ा दम
डॉक्टरों ने लक्ष्मण सिंह रावत की हालत को नाजुक देखते हुए उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य चोटें बताई गई हैं और उनका इलाज जारी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पूरे गांव में मातम पसर गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

इससे पहले हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व राहत दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला. कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए बागी अस्पताल पहुंचाया.

एक हफ्ते पहले ही परिवार में हुआ था शादी समारोह
बताया जा रहा है कि परिवार में एक हफ्ते पहले ही शादी समारोह संपन्न हुआ था, जिसके बाद सभी सदस्य मां चंद्रबदनी के दर्शन करने गए थे. लौटते समय यह हादसा हो गया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया. बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह रावत के बेटे हेमंत रावत की हाल में शादी हुई थी, जिसके बाद वो बेटे और बहू समेत अन्य लोगों के साथ मां चंद्रबदनी का आशीर्वाद लेने गए थे, लेकिन वापसी में हादसा हो गया और लक्ष्मण सिंह की जान चली गई.

कार हादसे में मौत-
लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी- कफलना, पौड़ी गढ़वाल

कार हादसे में घायल-
जगदीश सिंह रावत पुत्र कुंदन सिंह, हेमंत रावत पुत्र लक्ष्मण सिंह, साक्षी पत्नी हेमंत सिंह, मनोरमा देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह, देवेश पुत्र देवेंद्र सिंह भंडारी, निवासी- सभी कफलना, पौड़ी गढ़वाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button