उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

दून विवि में नये सत्र के लिए प्रवेश शुरू, 31 मई तक समर्थ पोर्टल से करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

Listen to this article

देहरादून, 26 अप्रैल। दून विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) एवं अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके तहत इच्छुक अभ्यर्थी विवि के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सोमवार से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

समर्थ पोर्टल पर करना होगा आवेदन
विवि के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल (doonuniversityadm.samarth.edu.in) के माध्यम से आवेदन करना होगा। पंजीकरण शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 800 रुपये और एससी/एसटी वर्ग के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है।

18 और 19 जून को हो सकती है प्रवेश परीक्षा
एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है, जिसके लिए प्रत्येक कार्यक्रम का अलग शुल्क देना होगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रवेश परीक्षा 18 एवं 19 जून 2026 (संभावित) को आयोजित की जाएगी। इसके बाद एमबीए कार्यक्रमों के लिए 21 जून से 28 जून तक ग्रुप डिस्कशन, साक्षात्कार और काउंसलिंग की प्रक्रिया होगी।

प्रवेश परीक्षा का परिणाम 30 जून को होगा घोषित
प्रवेश परीक्षा का परिणाम 30 जून को घोषित किया जाएगा, जबकि मेरिट सूची 10 जुलाई को जारी की जाएगी। इसके बाद 20 जुलाई से 31 जुलाई तक काउंसलिंग एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। चयनित अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम के बाद 3 अगस्त से सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ होंगी।

पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश की तिथि एवं विस्तृत प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा अलग से वेबसाइट पर घोषित की जाएगी। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची प्रवेश परीक्षा एवं योग्यता अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के समय सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, अन्यथा प्रवेश निरस्त माना जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया संबंधी निर्देश
प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों (आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवार भी) के लिए प्रवेश परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा।

यदि किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा के लिए प्राप्त आवेदन उस कोर्स की निर्धारित सीटों से कम होते हैं, तो उस स्थिति में संबंधित कार्यक्रम में प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी और अभ्यर्थियों को योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रवेश दिया जा सकता है। विवि द्वारा कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसका पाठ्यक्रम एवं रूपरेखा विवि के प्रास्पेक्टस में उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को इसी आधार पर तैयारी करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button